लूट का डर दिखाकर 6 तोले की चूडिय़ां उतरवाईं और लेकर फरार

सीसीटीवी फुटेज में नजर आए तीन बदमाश, नीलगंगा पुलिस तलाश में जुटी

अक्षरविश्व न्यूज
उज्जैन। नीलगंगा क्षेत्र में शनिवार सुबह मंदिर जा रही एक महिला को चेन स्नैचिंग का डर दिखाकर बातों में उलझाकर तीन बदमाशों ने उनके ६ तोला सोने की चूडिय़ां उतरवाईं और उसे लेकर फरार हो गए। कपड़ा व्यापारी की पत्नी के साथ हुई ठगी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जिसके आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।
सांईनाथ कॉलोनी में रहने वाले कपड़ा व्यापारी प्रेमचंद जैन की पत्नी सरोज जैन शनिवार को अपने घर से सुभाषनगर स्थित जैन मंदिर जा रही थीं। महाराष्ट्र बैंक के सामने पहुंचते ही बाइक पर खाकी ड्रेस पहने और हेलमेट लगाकर आए दो युवकों ने सरोज जैन को रोका और खुद को पुलिसवाला बताते हुए कहा कि आंटी, आगे चेन स्नैचिंग की वारदात हो गई है, अगर आपने कोई रकम पहन रखी है तो उसे उतारकर अपने पास रख लीजिए। इसके बाद सरोज जैन ने हाथ में पहने सोने की चार चूडिय़ां उतारकर रख ली।
इसी दौरान बदमाशों का तीसरा साथी हेलमेट लगाकर बाइक से आया जिसे भी दोनों ने वारदात होने का हवाला दिया और चेन व कड़ा उतरवाकर कागज की पुडिय़ा में रखवाया और उसके बैग में रख दिया। इसके बाद उन्होंने सरोज जैन को भी कागज में चूडिय़ां ले जाने को कहा। जिसके बाद वह उनकी बातों में आ गई और चूडिय़ां उन्हें दे दी।
उन्होंने कागज में चूडिय़ां रखी और पुडिय़ा बांधकर सरोज जैन के बैग में रख दिए। कुछ देर बाद उन्हें शक हुआ और पुडिय़ा खोलकर देखी तो उसमें सोने की चूडिय़ों की जगह पीतल के दो कड़े थे। उन्होंने घर पहुंचकर पति को घटना बताई जिसके बाद दोनों ने नीलगंगा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। ६ तोला कंगन की कीमत ७ लाख से ज्यादा है।
फुटेज सामने आया
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें तीनों बदमाश एक के बाद एक महिला को बातों में उलझाते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर तीनों बदमाशों की तलाश कर रही है।
कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे घेराव
इधर, सरोज जैन के साथ हुई घटना को लेकर अंतर्राष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन के वरिष्ठ कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप धारिया एवं प्रदेश मंत्री अरविंद जैन ने पुलिस प्रशासन का घेराव करने की बात कही है। उन्होंने कहा इस तरह की वारदात 25 जुलाई को सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी सतीश गुप्ता के साथ आगर रोड और काला पत्थर पर आडवाणी के साथ भी हुई थी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा किसी की गिरफ्तारी में तत्परता नहीं दिखाई। यदि शीघ्र ही कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेशभर के वैश्य समाजजन पुलिस प्रशासन का घेराव करेंगे।









