व्यापारी ने जहर खाकर जान दी

उज्जैन। कर्ज से परेशान एक बोहरा व्यापारी ने जहर खाकर जान दे दी।बिलोटीपुरा के बोहरा जमात क्षेत्र में रहने वाले ओन अली पिता शब्बीर हुसैन (४२) ने ४ दिसंबर की शाम को चूहा मार दवाई खा ली थी। इसके बाद चरक अस्पताल और आरडी गार्डी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। शनिवार रात आरडी गार्डी में उसकी मौत हो गई।

भाई मुश्ताक अली ने बताया ओन स्क्रेप व्यापारी था और घर-घर जाकर गैस चूल्हा सुधारने का काम भी करता था। मुश्ताक ने बताया कि उसने समूह पर लोन ले रखा था। इसके अलावा नगर निगम का लोन भी उस पर पेंडिंग था। कर्ज से परेशान होकर उसने यह जानलेवा कदम उठाया है। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जीवाजीगंज पुलिस मामले की जांच कर ही है।
लोअर में मोबाइल रख सो गया यात्री, जागा तो चोरी हो चुका था
उज्जैन। ट्रेनों में चोरी का सिलसिला लगातार जारी है। चोर लगातार यात्रियों की नींद का फायदा उठाकर उन्हें अपना निशाना बना रहे हैं। बीती रात नर्मदा एक्सप्रेस में जब पैसेंजर गहरी नींद में सो रहा था तभी उसकी लोअर की जेब में रखा मोबाइल अज्ञात बदमाश चुरा ले गया। जीआरपी ने बताया सुरेश पिता रामवचन पाल निवासी ग्राम सुकरत, रॉबर्टगंज (यूपी) नर्मदा एक्सप्रेस से पेंड्रा रोड से उज्जैन आ रहे था। वह ट्रेन के एस-४ कोच में सवार था। शनिवार रात वह सो रहे था।
भोपाल स्टेशन आने से पहले उनकी नींद खुली तो लोअर में रखा उनका मोबाइल अज्ञात बदमाश चुरा ले गया था। उन्होंने आसपास देखा और कोच में सवार अन्य यात्रियों से भी पूछा लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। रविवार सुबह उज्जैन पहुंचने पर सुरेश पाल ने जीआरपी थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। रीयल मी कंपनी के मोबाइल की कीमत २०९९९ रुपए है। जीआरपी ने जीरो पर कायमी कर डायरी भोपाल जीआरपी को भेजी है।









