लुटेरी दुल्हन गैंग का आखिरी आरोपी गिरफ्तार

पिछले दिनों जयपुर से पकड़ाई थी महिला सरगना, पांच आरोपी पहले से ही जेल में

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाली लुटेरी गैंग के आखिरी आरोपी को भी पुलिस ने राजस्थान के बांसवाड़ा से गिरफ्तार कर लिया। उस पर पुलिस ने ५ हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।दरअसल, २२ अगस्त को फरियादी रतनलाल पिता रमेशचंद्र सेन निवासी ग्राम खरसौदकलां ने थाना भाटपचलाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इसमें उन्होंने बताया था कि वह बेटे जितेंद्र सेन की शादी के लिए युवती की तलाश कर रहे थे।
इसी बीच खाचरौद निवासी विष्णुबाई पति रामचंद्र धाकड़ से उनकी मुलाकात हुई। विष्णुबाई ने जितेंद्र की शादी के लिए नेहा (वास्तविक नाम पूजा) नामक युवती दिखाई और उसे नागदा का रहने वाला बताया। नेहा की शादी के लिए उसके परिजनों ने 1.50 लाख रुपए मांगे। इस पर रतनलाल ने परिचित से उधार लेकर रुपए दे दिए। विष्णुबाई, उसका पति रामचंद्र धाकड़, नेहा की मौसी आशाबाई पिता मोहनलाल, नेहा उर्फ पूजा का पति विनोद और जस्सू उर्फ राजू ने रुपए लेकर नेहा को रतनलाल के साथ रवाना कर दिया।
परिजनों ने 14 अगस्त को गांव के मंदिर में नेहा की शादी जितेंद्र सेन से करवा दी। ७ दिन बाद 21 अगस्त को नेहा रफूचक्कर हो गई। तलाश करने पर जब वह नहीं मिली तो जितेंद्र और उसके परिजनों को ठगी का पता चला जिसके बाद उन्होंने रिपोर्ट दर्ज करवाई। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर उसी दिन दबिश देकर आरोपी रामचंद्र, जस्सू, विष्णुबाई एवं पूजा उर्फ नेहा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 40 हजार रुपए जब्त कर लिए थे। शेष राशि इस लुटेरी गैंग की सरगना फरार आशाबाई एवं विनोद मालवीय के पास थी जिसमें से आशाबाई को पुलिस ने जयपुर से धरदबोचा था। अब वह जेल में है।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ाया
मामले में ५ हजार रुपए का इनामी आखिरी आरोपी विनोद पिता मांगीलाल मालवीय की तलाश थी जिसे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बांसवाड़ा (राजस्थान) से पकड़ लिया। इससे पहले पुलिस पांच आरोपियों को जेल भेज चुकी है।
जयपुर से पकड़ाई थी सरगना
घटना वाले दिन से फरार गैंग की महिला सरगना आशाबाई को २५ नवंबर को भाटपचलाना पुलिस ने जयपुर से पकड़ा था। उस पर भी ५ हजार रुपए का इनाम घोषित था। आशाबाई ने फरारी काटने के लिए जयपुर में एक शख्स से शादी कर ली और उसी के घर में रहने लगी। जब पुलिस वहां पहुंची तो पता चला कि उस शख्स को भी आशाबाई ने १.५० लाख का चूना लगा दिया था।









