दो युवतियों ने जहर खाया, दोनों की मौत

उज्जैन। राघवी के पास एक गांव और शहर में दो अलग-अलग घटनाओं में जहर खाने के उपरांत दो युवतियों की मौत हो गई है। दोनों ही मामले पुलिस ने जांच में लिए हैं।

राघवी के नजदीक आक्या जस्सा गांव में रहने वाली 17 साल की बालिका सोना कुंवर पिता गोकुल मकवाना की देर रात एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। उसे 9 दिसंबर को निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। गुरुवार की सुबह चरक अस्पताल में उसके शव का पोस्टमार्टम किया गया। परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी है कि सोना कुंवर नौवीं कक्षा में पढ़ाई करती थी। पिता मजदूरी करते है और छोटा भाई शहर में वीडी मार्केट की एक दुकान पर काम करता है। उसकी मां मानसिक रूप से कमजोर है। 9 दिसंबर को दोनों मां-बेटी घर में थी। सोना के सिर में तेज दर्द हुआ तो उसने घर में रखी कोई गोली खा ली थी, इसके बाद उसकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई तो उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
दूसरी घटना कोयला फाटक चौराहे के नजदीक की है। यहां रहने वाली 32 साल की महिला कोमल पति मुकेश को शाम करीब 7 बजे परिजनों ने चरक अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां गुरुवार की सुबह उसने दम तोड़ दिया। कोमल का पति मुकेश चीनी मिट्टी के सामान की फेरी लगाता है। उसकी बहन गीता ने बताया कि शाम को कोमल को घर में मूर्छित हालत में पड़े देखा था। आशंका है कि उसने कोई जहरीला पदार्थ खाया है। कोमल की मौत के बाद परिजनों ने सुबह अस्पताल में हंगामा भी किया, ये लोग उसके शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे, हालांकि पुलिसकर्मियों की समझाइश के बाद वे पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हो गए।









