मक्सीरोड पर सड़क हादसे में मजदूर की मौत, पत्नी और बेटा हुआ घायल

उज्जैन। मक्सीरोड पर करोंदिया फंटे के नजदीक शुक्रवार शाम डंपर की चपेट में आकर एक मजदूर की मौत हो गई है। हादसे में उसकी पत्नी और डेढ़ साल का बेटा घायल हुए है। पंवासा पुलिस ने उक्त डंफर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
यह हादसा शाम करीब 5.30 बजे का है। सारंगपुर के नजदीक बालोड़ी गांव में रहने वाला 25 साल का युवक लाखन पिता बापूलाल वर्मा पंथपिपलई के नजदीक एक ईंट भट्टे पर काम करता था।

उसकी पत्नी सुशीला भी इसी भट्टे पर मजदूरी करती है। इस दंपत्ति की एक बेटी व दो बेटे है। शुक्रवार को दो बड़े बच्चों को पंथपिपलई पर ही छोड़कर डेढ़ साल के बेटे को इस दंपत्ति ने साथ लिया और अपने गांव बालोड़ी मोटरसाइकिल से गए थे। वापस लौटते समय इन्हें चक कमेड़ में किसी व्यक्ति से रुपए का लेन-देन का मामला निपटाना था लिहाजा गांव से सीधे चक कमेड़ पहुंचे और यहां से बायपास होते हुए वापस पंथपिपलई जाने के लिए रवाना हुए। करोंदिया फंटे के नजदीक तेज रफ्तार एक डंफर ने इन्हें अपनी चपेट में ले लिया। लाखन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सुशीलाबाई और डेढ़ साल का बेटा घायल है।
वकील की कार से टक्कर, वकील की बेटी घायल
पटेल नगर इलाके में रहने वाली 16 साल की बालिका शांभवी पिता अंकित सोलंकी शुक्रवार की शाम एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गई। शांभवी 11 वी की छात्रा है और शुक्रवार शाम कोचिंग से वापस लौट रही थी। यह बालिका उसकी मौसी अनीता गौड के साथ दो पहिया वाहन पर सवार होकर जिला न्यायालय की ओर जा रही थी। यहां से इन्हें शांभवी की मां एड्वोकेट प्रियंका गौड़ को साथ लेना था। कोठी के नजदीक एड्वोकेट जितेंद्र बैरागी की कार ने टक्कर मार दी।









