पत्नी की आईडी पर हिंदू महिला के साथ ठहरा बड़ौद का मुस्लिम डॉक्टर

हिंदू जागरण मंच ने पकड़ा मामला, महाकाल पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का प्रकरण

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। गदापुलिया क्षेत्र की एक होटल में शुक्रवार शाम को मुस्लिम डॉक्टर के हिंदू महिला के साथ ठहरा होने का मामला सामने आया है। हिंदूवादी संगठन को जब इसकी जानकारी मिली तो वह होटल पहुंचे और महाकाल पुलिस को सूचना दी। जांच में पता चला कि महिला की आईडी की जगह डॉक्टर ने अपनी पत्नी के नाम की आईडी दी थी। इसके बाद पुलिस ने महिला को वन स्टॉप सेंटर भेजा है और डॉक्टर के खिलाफ 420 की कार्रवाई की जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक आगर-मालवा जिले के बड़ौद का रहने वाला 39 वर्षीय डॉ. शाकिर हुसैन मंसूरी गदापुलिया के समीप हकीमी होटल के रूम नंबर 153 में रतलाम निवासी 30 वर्षीय महिला के साथ ठहरा था। इसकी जानकारी जैसे ही हिंदू जागरण मंच को मिली तो कार्यकर्ता होटल पहुंच गए और महाकाल पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया। पुलिस की मौजूदगी में होटल में दिए दस्तावेज और रजिस्टर चैक किया गया। इसमें पता चला कि डॉ. शाकिर हुसैन ने अपना सही आईडी दिया था लेकिन महिला के आईडी की जगह अपनी पत्नी के नाम का आईडी जमा करवाया था। इसके बाद पुलिस दोनों को थाने ले गई जहां से महिला को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया।
पुलिस कर रही पूछताछ
डॉ. शाकिर ने युवती के आईडी की जगह अपनी पत्नी का आईडी क्यों दिया, इस संबंध में पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इसके अलावा होटल के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही कि यह कब से संचालित हो रही है और होटल में ठहरने वालों की सूचना थाने पर दी जाती है या नहीं।
घूमने आई थी…
महिला शादीशुदा है और उसके माता-पिता नहीं है। आरोपी उसका मित्र है जिसके साथ वह घूमने के लिए उज्जैन आई थी। उसके खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। महिला को वन स्टॉप सेंटर भेजा है।
– गगन बादल, टीआई, थाना महाकाल









