नहीं मिला यूरिया, किसानों ने लगाए नारे

अधिकारियों का तर्क जिले में यूरिया का पर्याप्त स्टॉक

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रबी सीजन में जिले में यूरिया की वितरण व्यवस्था पूरी तरह से पटरी पर नहीं आ पा रही है। मंगलवार की शाम बडनगर रोड धरमबड़ला के यूरिया वितरण केंद्र पर फिर से हंगामा हो गया। किसानों ने यहां करीब एक घंटे तक नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे उप संचालक कृषि ने किसानों से बात की और किसानों को यूरिया की आपूर्ति कराई। बोरियों की संख्या भी प्रति किसान 4 से बढ़ाकर 7 कर दी।
शाम करीब 4 बजे भारतीय किसान संघ की अगुवाई में किसानों ने धरमबड़ला के डबल लॉक वितरण केंद्र के बाहर धरना दिया और नारेबाजी आरंभ कर दी। किसानों ने वितरण केंद्र का दरवाजा भी बंद करवा दिया था। भारतीय किसान संघ के तहसील अध्यक्ष मानसिंह चौधरी ने बताया कि यूरिया के लिए किसान यहां तड़के तीन बजे से पहुंच जाते है।
सुबह 9 बजे तक लाइन में लगने के बाद उन्हें टोकन मिल पाता है। टोकन मिलने के बाद वितरण केंद्र पर कभी सर्वर डाउन तो कभी अन्य बहाना बनाकर शाम 5 बजे तक खड़ा रखा जाता है और इसके बाद कह दिया जाता है कि कल आना। प्रतिदिन 60 किसानों को टोकन मिल रहे है लेकिन 30-35 को ही यूरिया की बोरियों का वितरण हो पा रहा है। उप संचालक कृषि यूएस तोमर ने बताया कि जिले में यूरिया की कमी नहीं है, पर्याप्त स्टाक उपलब्ध है। डबल लॉक केंद्र पर वितरण संबंधी विसंगति सामने आई थी जिसे दुरुस्त करवा कर व्यवस्था सुचारू कर दी गई है।









