नर्मदा एक्सप्रेस से यात्रियों के मोबाइल व नकदी चोरी

उज्जैन। कटनी और रांची से उज्जैन दर्शन के लिए आ रहे दो यात्रियों को ट्रेन में सफर के दौरान अज्ञात बदमाशों ने अपना निशाना बनाया। गुरुवार सुबह जब नर्मदा एक्सप्रेस उज्जैन स्टेशन पहुंची तो दोनों पीडि़तों ने जीआरपी थाने में चोरी की लिखित शिकायत दर्ज करवाई। जीआरपी के मुताबिक कटनी निवासी अभिषेक अपने रिश्तेदार के यहां एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उज्जैन आ रहे थे। नींद लगने के दौरान अज्ञात बदमाश उनका मोबाइल और पर्स पार कर ले गए।

पुलिस ने जब ट्रेन में तलाशी ली तो अभिषेक का पर्स ट्रेन के बाथरूम में लावारिस पड़ा मिला। पर्स में करीब 10,000 रुपए नकद और जरूरी दस्तावेज थे जिसे बदमाशों ने निकाल लिया। इसी ट्रेन में रांची निवासी सोनू अपने मित्रों के साथ महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आ रहे थे। बदमाशों ने मौका पाकर सोनू का मोबाइल भी चोरी कर लिया। उज्जैन पहुंचने पर सोनू ने जीआरपी को घटना की जानकारी दी और एफआईआर दर्ज करवाई।









