365 दिन, 29,688 चालान, वसूला 1.11 करोड़ रुपए से ज्यादा फाइन

ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई के बाद सड़क हादसों में 30 प्रतिशत की कमी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सड़क पर रफ्तार का जुनून, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और लापरवाही से होने वाले सड़क हादसों में कमी लाने के लिए यातायात पुलिस ने पिछले साल 365 दिनों में 29 हजार से ज्यादा चालान बना और 1.11 करोड़ रुपए से ज्यादा का फाइन वसूला जिसके असर से सड़क हादसों में 30 प्रतिशत की गिरावट आई।
दरअसल, शनिवार को पुलिस ने 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2025 तक के आंकड़े जारी करते हुए बताया कि कार्रवाई का उद्देश्य ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करवाकर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकना था। यातायात पुलिस की लगातार और सख्त कार्रवाई का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि पिछले साल सड़क हादसों में 30 फीसदी की कमी दर्ज की गई। एक साल में कुल 29,688 चालान बनाए गए जिससे एक करोड़ ग्यारह लाख चार सौ रुपए का समन शुल्क वसूला गया। इसमें सबसे अधिक 14,529चालान वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने के बनाए गए। दूसरे नंबर पर बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले रहे जिनके 13,635 चालान बने।
जीवन की सुरक्षा जरूरी इसलिए कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई नहीं बल्कि लोगों के जीवन की सुरक्षा करना है। पुलिस ने आमजनों से अपील भी की कि वह यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें, हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग जरूर करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।
चालानी कार्रवाई पर एक नजर
मोबाइल का उपयोग करते हुए वाहन चलाने पर 14,529 चालान
बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 13,635 चालान
सीट बेल्ट नही लगाने पर 418 चालान
ओवर स्पीड वाहन चलाने पर 930 चालान
नशे की हालत में वाहन चलाने पर 116 चालान









