ट्रक सहित 28 टन सोयाबीन चुराने वाले राजस्थान के अंतर्राज्यीय चोर गिरफ्त में

ट्रक और सोयाबीन सहित 45 लाख का माल जब्त, तीन दिन के रिमांड पर
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। बडऩगर स्थित कृषि उपज मंडी परिसर से ट्रक सहित 28 टन सोयाबीन चोरी करने वाले राजस्थान के दो अंतर्राज्यीय चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 15 लाख रुपए का सोयाबीन और 30 लाख कीमत का ट्रक जब्त किया है। शनिवार को पुलिस ने मामले का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है।
बडऩगर टीआई अशोक कुमार पाटीदार ने बताया महात्मा गांधी मार्ग निवासी 65 वर्षीय फरियादी नरेंद्र पिता सतीशचंद्र लाठी ने 25 दिसंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसमें बताया कि वह अपने भाई अतुल लाठी के साथ कृषि उपज का व्यवसाय करते हैं और कृषि उपज मंडी में सतीशचंद्र, गिरीशचंद्र के नाम से उनकी फर्म है। 22 दिसंबर को शाम करीब 5.30 बजे उन्होंने एसएस रोड लाइंस, बडऩगर के माध्यम से ट्रक क्रमांक आरजे 27 जीसी 8565 में अपनी फर्म से 279 क्विंटल सोयाबीन (करीब 28 टन) लोड कर उसमें बिल्टी रखकर ट्रक को मोरवीनंदन प्रोटीन्स लिमिटेड, नीमच भेजने के लिए मंडी परिसर स्थित अपने गोडाउन में खड़ा किया था जिसे अज्ञात बदमाश चुरा ले गए थे। मामले में 1 जनवरी को पुलिस ने प्रकरण किया।
नीमच, रतलाम, जयपुर और चित्तौडग़ढ़ पहुंची पुलिस
टीआई पाटीदार ने घटना की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित की जिसने घटनास्थल और आसपास से साक्ष्य जुटाए और मोबाइल लोकेशन के आधार पर चोरों की तलाश शुरू की। इस दौरान पुलिस टीम नीमच, रतलाम, जयपुर, चित्तौडग़ढ़ तक पहुंची। अंतत: बदनावर क्षेत्र में वंडर सीमेंट फैक्ट्री के पास से घेराबंदी कर सोयाबीन से भरे ट्रक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया जिसने पूछताछ में अपना नाम सूरजमल पिता मोहनलाल कुमावत (32) और तनिष्क पिता हरकलाल कुमावत (19) दोनों निवासी ग्राम खोड़ीप, थाना निकुंभ, जिला चित्तौडग़ढ़ (राजस्थान) बताए।
नीयत में खोट आया और फरार हो गए
आरोपियों से पूछताछ में बताया कि ट्रक ड्राइवर सूरजमल ने एसएस ट्रांसपोर्ट बडऩगर के माध्यम से माल ढुलाई का अनुबंध लिया था लेकिन सोयाबीन को मोरवीनंदन प्रोटीन्स लिमिटेड नीमच ना पहुंचाकर चोरी की नीयत से ट्रक सहित फरार हो गया। आरोपियों के कब्जे से १५ लाख कीमत का 279 क्विंटल सोयाबीन और ट्रक जिसकी कीमत ३० लाख रुपए है, कुल 45 लाख का मश्रुका जब्त किया। प्रकरण में पुलिस ने धारा 316(2) बीएनएस का इजाफा किया गया है।
कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया
टीआई पाटीदार ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी सूरजमल ने भीलवाड़ा (राजस्थान) से लोहे के सरिया की चोरी करना स्वीकार किया है। अन्य आपराधिक घटनाओं के संबंध में पूछताछ जारी है। आरोपी सूरजमल के खिलाफ राजस्थान में पहले से मारपीट, लूट, धोखाधड़ी, आम्र्स एक्ट जैसे कई प्रकरण दर्ज हैं।









