इलाके से वाकिफ थे, पता था कैसे चुरानी है केबल

कॉपर केबल चुराने वाले आरोपी को जेल भेजा, तीन फरार साथियों की तलाश
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। सोलर प्लांट से कॉपर केबल चुराने वाले एक आरोपी को माकड़ौन पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे शनिवार को जेल भेज दिया गया। उसकी निशानदेही पर १२०० मीटर कॉपर केबल जब्त की है जिसकी कीमत करीब 46 हजार रुपए बताई गई है। उसके तीन साथी फरार है जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि पिछले दिनों थाना क्षेत्र स्थित सोलर प्लांट से अज्ञात आरोपी द्वारा बड़ी मात्रा में कॉपर केबल चोरी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। चोर की धरपकड़ के लिए विशेष टीम गठित की गई जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। जांच के दौरान मिले साक्ष्य और सूचना के आधार पर संदेही अमीन पिता फकीर मोहम्मद निवासी कडोदिया की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान अमीन ने सोलर प्लांट से कॉपर केबल चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर 1200 मीटर कॉपर केबल जब्त की गई जिसकी अनुमानित कीमत 46 हजार रुपए है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से एक दिन के रिमांड पर सौंपा गया। शनिवार को रिमांड अवधि पूरी होने पर दोबारा कोर्ट में पेश किया जहां से आरोपी अमीन को जेल भेज दिया गया।
फरार साथियों की तलाश जारी टीआई प्रदीप सिंह राजपूत ने बताया कि सोलर प्लांट से केबल चुराना मुश्किल है क्योंकि उसमें करंट होता है। जानकार शख्स ही इसे निकाल सकता है। चारों चोर इलाके से वाकिफ थे, उन्हें जानकारी थी कि प्लांट से कॉपर केबल कैसे निकालना है। फरार आरोपी बलवंत सिंह, समीर और देवेंद्र सिंह निवासी कड़ोदिया की तलाश जारी है।









