सुस्त चौड़ीकरण काम पर आयुक्त सख्त गदापुलिया-इंदौररोड का ठेका टर्मिनेट

नगर निगम से नहीं मिलेगा नया काम

भोपाल की बिलीफ बिल्डकॉन प्रालि तीन साल के लिए उज्जैन नगर निगम में ब्लैकलिस्ट
उज्जैन। शहर की सात सड़कों का चौड़ीकरण कर रही भोपाल की बिलीफ बिल्डकॉन कंपनी पर पहली बार बड़ी कार्रवाई हुई है। उसे तीन साल के लिए नगरनिगम से ब्लैक लिस्ट कर दिया गया है। इस दौरान कंपनी उज्जैन नगरनिगम से कोई नया काम नहीं ले सकेगी। निगमायुक्त ने कंपनी का गदापुलिया-इंदौररोड का ठेका भी टर्मिनेट कर दिया है।
दरअसल निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने यह कार्रवाई कंपनी के गदापुलिया मंछामन, इंदौर रोड सीमेंट कांक्रीट सड़क तथा नाला निर्माण कार्य को समय पर पूर्ण नहीं करने पर की है। विशेष निधि से यह सड़क बनाई जा रही है। इसके लिए बिलीफ बिल्डकॉन को 15 मार्च 2024 को वर्क आर्डर जारी किया गया था।
कपंनी को 18 महीने में यह काम पूरा करना था लेकिन यह अवधि बीत जाने के बावजूद कंपनी ने काम पूरा नहीं किया। टाइमलाइन को लेकर कंपनी को नोटिस जारी किए गए और काम की प्रगति बढ़ाने के लिए लगातार शोकाज दिए गए। बावजूद इसके कंपनी ने दिलचस्पी नहीं ली। स्थल निरीक्षण, सिहंस्थ समीक्षा बैठक, ई-मेल, वाट्सएप एवं मौखिक तौर पर भी काम की गति तेज करने का कहा लेकिन सुधार नहीं किया। विभागीय सूचना पत्रों का संतोषजनक उत्तर भी प्रस्तुत नहीं किया। इसके चलते कड़ी कार्रवाई करनी पड़ी।
सिंहस्थ के जरूरी कार्य
यह सड़क सिंहस्थ की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। भीड प्रबंधन की दृष्टि से जरूरी भी। ऐसे में कमिश्नर अभिलाष मिश्रा ने अनुबंध पत्र के सेक्शन 3 (जी.सी.सी) में उल्लेखित उपनियम 27 के तहत लापरवाही बरतने एवं अनावश्यक विलंब करने पर बिलीफ बिल्डकान की बैंक गारंटी/ सिक्युरिटी डिपाजिट राशि राजसात करते हुए इस सड़क कार्य के निर्माण से कंपनी को टर्मिनेट कर दिया है। इसके साथ ही कंपनी को उज्जैन नगर निगम के कार्यो के लिए आगामी 3 साल के लिए ब्लैक लिस्ट किया है।
अभी कंपनी के पास इन सड़कों के काम
1- कोयला फाटक-गोपाल मंदिर
2- वीडी मार्केट-ढाबारोड
3- देवासरोड-संकुलभवन-विक्रमनगर
4- एमआर 4 से एमआर 21
5- गाड़ी अड्डा-बियावनी









