शादी के रजिस्ट्रेशन के नाम पर 16 हजार की धोखाधड़ी

आरोपी ने फरियादी को शादी करवाने एवं झूठे रिश्ते दिखाने के नाम पर रुपए ऐंठे, एक साल तक करता रहा गुमराह

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शादी के रजिस्ट्रेशन के नाम पर 16 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने वाले को माधवनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फरियादी को शादी करवाने एवं झूठे रिश्ते दिखाने के नाम पर रुपए ऐंठे और एक साल तक गुमराह करता रहा।
माधवनगर पुलिस ने बताया कि 25 फरवरी को फरियादी विष्णुदास पिता चरणदास बैरागी (24) निवासी ग्राम सतबड़ा, जावर, सीहोर ने दर्ज करवाई रिपोर्ट में बताया कि गोपाल पिता सोहन सिंह (33) निवासी श्री सुभारंभ संस्था, मिनी चौपाटी, फ्रीगंज ने विवाह पंजीयन एवं रिश्ता करवाने के नाम पर 16 हजार रुपए लिए। उसने भरोसा दिलाया कि 12 रिश्ते दिखाएगा, इसके बाद भी शादी नहीं होती तो रुपए वापस कर देगा।
इसके बाद 6 मार्च 2025 से 25 फरवरी 2026 के बीच करीब 1साल में गोपाल सिंह ने फरियादी को मात्र तीन रिश्ते दिखाए गए और हर बार लड़की पक्ष द्वारा मना करने की बात कहकर रिश्ता खत्म कर दिया। इस पर फरियादी विष्णुदास बैरागी ने रुपए मांगे तो उसने इंकार कर दिया। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज करते हुए आरोपी गोपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसका मोबाइल भी जब्त किया है जिसकी जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस तरह से आरोपी ने कितने लोगों के साथ धोखाधड़ी की है।









