गोल्डमैन रोशन पर दूसरी एफआईआर, महाकाल मंदिर के रागी लड्डू प्रसाद को लेकर अब सोशल मीडिया पर शेयर किया भ्रामक वीडियो

प्रसाद की गुणवत्ता पर उठाया था सवाल, महाकाल मंदिर प्रबंध समिति ने महाकाल थाने में दर्ज करवाई एफआईआर

उज्जैन। कुछ दिनों पहले खाकचौक क्षेत्र में थार को बिना बेल्ट के रॉन्ग साइड दौडऩे और अवैध रूप से हूटर एवं प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने वाले इंदौरगेट निवासी गोल्डमैन रोशन यादव के खिलाफ शुक्रवार को महाकाल पुलिस ने भी एफआईआर दर्ज कर ली। उसने श्री महाकालेश्वर मंदिर के रागी लड्डू प्रसादी को लेकर इंस्टाग्राम आईडी _roshan_yadav22 पर वीडियो अपलोड किया था। इसमें कंटेट क्रिएटर ने लड्डू प्रसाद की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए एक बालिका की तबीयत खराब होने की बात कही थी। इस भ्रामक वीडियो को लेकर श्री महाकाल मंदिर प्रबंध समिति ने शुक्रवार को रोशन के खिलाफ महाकाल थाने में एफआईआर दर्ज करवाई।
दरअसल, 25 फरवरी को सोशल मीडिया पर श्रीअन्न रागी लड्डू प्रसाद के संबंध में एक भ्रामक वीडियो रोशन यादव ने इंस्टाग्राम पर वायरल किया था। यह प्रसाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा श्रद्धालुओं को उपलब्ध करवाया जाता है। इसमें प्रसाद की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए लड्डू टूटे होने और प्रसाद ग्रहण करने से स्वास्थ्य खराब होने संबंधी निराधार और भ्रामक प्रचार किया गया।
इस भ्रामक वायरल वीडियो में प्रसाद को जानबूझकर बिखेरकर प्रदर्शित किया था, जबकि अन्य पैकेट मे रागी लड्डू प्रसाद व्यवस्थित दिखाई दे रहा है। इससे स्पष्ट होता है कि वीडियो भ्रामक है और मंदिर की प्रतिष्ठा को क्षति पहुंचाने के उद्देश्य से प्रसारित किया गया जिससे मंदिर की प्रतिष्ठा को क्षति पहुंची है। इसी को लेकर मंदिर समिति ने शिकायत की। महाकाल टीआई गगन बादल ने कहा एफआईआर दर्ज की है, जल्द पकड़ लेंगे।
रोशन यादव पर दूसरा प्रकरण
इससे पहले चिमनगंज मंडी पुलिस ने रोशन यादव के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की थी। उसने खाकचौक क्षेत्र में एक रील बनाई थी जिसमें रोशन यादव अपनी थार को लापरवाही पूर्वक और तेज रफ्तार से रॉन्ग साइड में दौड़ा रहा था। इस दौरान उसने सीट बेल्ट भी नहीं पहना था और गाड़ी में अवैध रूप से हूटर व प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल भी कर रहा था।
ऐसे वीडियो से सावधान रहें
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक एवं तथ्यहीन वीडियो से सावधान रहें तथा किसी भी जानकारी की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से ही करें।
गुणवत्ता मानकों पर खरा
इस संबंध में महाकाल मंदिर समिति ने बताया कि ने स्पष्ट किया कि श्रीअन्न रागी लड्डू प्रसाद रागी आटा (मिलेट), गुड़ एवं शुद्ध घी से स्वच्छता एवं निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार किया जाता है। जिसे रोज हजारों श्रद्धालु आस्था के साथ ग्रहण करते हैं। यह प्रसाद भक्तों की श्रद्धा एवं विश्वास का प्रतीक है। इसके अलावा रागी से बना होने के कारण यह श्रीअन्न प्रसादम् कैल्शियम, आयरन और फाइबर का अच्छा स्रोत होकर सेहत के लिए काफी अच्छा है। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपोत्सव महापर्व के अवसर पर रागी लड्डूू प्रसाद का शुभारंभ किया गया था।









