पटवारी के बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत, शाजापुर में था पदस्थ

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। तराना के पास सड़क दुर्घटना में घायल एक युवक की शनिवार रात मौत हो गई। मृतक शाजापुर के उद्योग विभाग में कर्मचारी है और पिता पटवारी हैं।

जानकारी के मुताबिक शाजापुर के उद्योग विभाग में कार्यरत सुरेंद्र पिता मोहनलाल मालवीय (30) की शनिवार रात निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है। परिजनों ने बताया कि सुरेंद्र गुरुवार को शाजापुर से ड्यूटी के बाद लौट रहा था। तभी तराना थाना क्षेत्र के बरथून के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। घायल सुरेंद्र पूरी रात मदद की अपेक्षा में घटनास्थल पर खेत में पड़ा रहा। शुक्रवार सुबह जब लोगों की नजर पड़ी तो उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां से उसे निजी अस्पताल भेजा गया था। शनिवार देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता मोहनलाल मालवीय महिदपुर में पटवारी हैं।








