कालभैरव मंदिर में गंदगी-अतिक्रमण, अपर आयुक्त और सहायक आयुक्त को नोटिस

कलेक्टर रौशन कुमार सिंह को निरीक्षण में मिली कमियां, तीन दिन में मांगा जवाब
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। बाबा महाकाल के कोतवाल कालभैरव के मंदिर परिसर में गंदगी और अतिक्रमण मिलने पर कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। मंदिर परिसर और पहुंच मार्गों के औचक निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था असंतोषजनक मिलने पर नगर निगम के अपर आयुक्त पवन सिंह और सहायक आयुक्त घनश्याम मचार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। दोनों अधिकारियों को तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान मंदिर क्षेत्र में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से जलभराव और गंदगी की स्थिति सामने आई। वहीं, मंदिर पहुंच मार्गों पर अवैध अतिक्रमण के कारण श्रद्धालुओं के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी। दोनों अधिकारियों को तीन दिन के भीतर कलेक्टर के समक्ष उपस्थित होकर अनिवार्य रूप से लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। कमियों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने अपर आयुक्त और सहायक आयुक्त को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत कार्रवाई प्रस्तावित करने से पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दोनों को तीन दिन में जवाब पेश करना होगा।
और ताबड़तोड़ हटने लगे अतिक्रमण…
निरीक्षण के दौरान ही मंदिर के बाहरी परिसर में स्थित शासकीय दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटवाया गया। कलेक्टर ने मंदिर के पीछे की ओर निर्माणाधीन निर्गम मार्ग का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से मंदिर परिसर से बाहर निकाला जा सके।









