स्कूल जाने के लिए निकला बालक लापता, 12 घंटे में ही खोज निकाला

मोबाइल चलाने को लेकर घरवालों ने डांटा तो चला गया था उज्जैन

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। स्कूल जाने के लिए निकला 13 वर्षीय बालक ना तो स्कूल पहुंचा और ना ही घर वापस लौटा। परिजनों ने भी काफी तलाश किया लेकिन जब उसका पता नहीं चला तो उन्होंने घट्टिया थाने में शिकायत की। पुलिस ने 12 घंटे के अंदर बालक को ढूंढकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने बताया कि 27 फरवरी को फरियादी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसमें बताया कि उसका 13 साल का बेटा शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे घर से अवलिया स्कूल जाने के लिए निकला था लेकिन ना तो वह स्कूल पहुंचा और ना ही घर वापस आया। परिजनों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने बेटे का तलाशना शुरू किया लेकिन उसका सुराग नहीं मिला।
27-28 फरवरी की दरमियानी रात करीब 2.30 बजे फरियादी पुन: थाना पहुंचा और आशंका जताई कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसके बेटे को बहला-फुसलाकर ले गया। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया और आसपास के क्षेत्रों एवं संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज देखे। इसके अलावा मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और पब्लिक प्लेस पर तलाशी अभियान चलाया। लगातार प्रयास के चलते बालक को उज्जैन से सकुशल दस्तयाब किया गया।
डांट से नाराज हो चला गया था
द स्तयाबी के बाद बालक ने पुलिस को बताया कि मोबाइल चलाने की बात को लेकर माता-पिता ने उसे डांटा था जिससे नाराज होकर घर से उज्जैन चला गया था। मामले में किसी प्रकार की किडनैपिंग की घटना नहीं हुई। इसके बाद उसे माता-पिता के सुपुर्द किया। अपने बेटे को सही-सलामत पाकर परिजनों ने पुलिस को धन्यवाद दिया।
चार माह से लापता था जीआरपी ने मिलवाया
उज्जैन। चार माह से लापता एक शख्स को जब जीआरपी ने उनके परिजनों से मिलवाया तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने इस काम के लिए पुलिस की प्रशंसा की और धन्यवाद दिया। जीआरपी थाने में पदस्थ एसआई बीएस कुशवाह ने बताया कि घटना चार माह पुरानी है। अजय धुर्वे निवासी बैतूल अपने परिवार के साथ उज्जैन से बैतूल जा रहा था लेकिन अचानक शुजालपुर स्टेशन पर उतरकर लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश किया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने उज्जैन जीआरपी थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, इसी बीच अजय धुर्वे अकोदिया के समीप ग्राम खाटसुर में हाली का काम करता मिला जिसके बाद शनिवार को पुलिस ने परिजनों से मिलवाकर सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। अजय को वापस अपने बीच पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने जीआरपी को धन्यवाद दिया।









