Advertisement

पहली बार फ्रीगंज क्षेत्र में रंगपंचमी पर रंगों की आतिशबाजी, सिंधी कॉलोनी से निकलेगी गेर

श्री कृष्ण-सुदामा रंग उत्सव में टॉवरचौक पर जमेगी हुरियारों की महफिल

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

रंगपंचमी पर होने वाले आयोजन में सीएम डॉ. मोहन यादव भी होंगे शामिल

उज्जैन। उज्जैनवासी पहली बार रंगों की आतिशबाजी का नजारा देख सकेंगे। धमाके के साथ रंग आसमान में उड़ेंगे और लोगों पर छा जाएंगे। रंगपंचमी पर टॉवरचौक पर होने वाले श्रीकृष्ण-सुदामा रंग उत्सव में यह आयोजन होगा। इस दौरान हुरियारों की महफिल भी सजेगी।
उज्जैन शहर में होने वाले आयोजन की तैयारी प्रशासन ने तेज कर दी है। दरअसल अब तक महाकाल मंदिर चौराहा से नगरनिगम गेर निकालता था। महापौर मुकेश टटवाल की पहल पर करीब तीन साल पहले शुरू हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में शहरवासी जुटते थे। गोपाल मंदिर तक निकलने वाली गेर में खूब गुलाल-अबीर उड़ाया जाता था और फायर फाइटर से पानी की बौछार की जाती थी। गोपाल मंदिर पर शॉवर लगाए जाते थे और जमकर होली खेली जाती थी। उज्जैन उत्तर क्षेत्र में होने वाले इस आयोजन पर इस बार ग्रहण लग गया है। ऐसे में उज्जैन दक्षिण में पहली बार श्री कृष्ण-सुदामा रंग उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

Advertisement

क्या होगा आयोजन में

सिंधी कॉलोनी चौराहे से गेर- उत्सव में सुबह 9 बजे सिंधी कॉलोनी चौराहे से हुरियारे गेर निकालेंगे। इसमें हुरियारों की टोली रंग गुलाल उड़ाते हुए चलेगी। फायर फायटर भी रंगों की बौछार करेंगे। गेर सिंधी कॉलोनी चौराहे से होते हुए टॉवरचौक पहुंचेगी।

Advertisement

लोकगीतों की महफिल- टॉवरचौक पर लोकगीत और लोकनृत्य का आयोजन किया जाएगा। संस्कृति विभाग के तत्वाधान में प्रदेश भर से आई चार टोलियों के कलाकार फाग गीत और नृत्य की प्रस्तुति देंगे।

मौज-मस्ती भी- आयोजन में गीत, डांस और डीजे के साथ खान-पान की व्यवस्था भी रहेगी। इवेंट मैनेजर कपिल यार्दे ने बताया कि लोगों को चाय-नाश्ता भी कराया जाएगा।

कलेक्टर रौशनकुमार सिंह ने बताया कि सीएम डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। पहली बार श्रीकृष्ण-सुदामा रंग उत्सव का आयोजन हो रहा है।

नगर निगम की गेर पर संकट
नगरनिगम के तत्वाधान में रंगपंचमी पर निकलने वाली गेर पर इस साल संकट के बादल मंडरा रहे हैं। इस मामले में सभी चुप्पी साधे बैठे हैं। महापौर मुकेश टटवाल ने पूछने पर कहा कि उन्हें इस संबंध में कुछ जानकारी नहीं है। गौरतलब है कि तीन साल पहले महापौर मुकेश टटवाल ने ही नगरनिगम के माध्यम से नगर गेर का आयोजन शुरू किया था। रंगपंचमी पर होने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग जुटने भी लगे थे।

विक्रमोत्सव: कल रात महिला कवयित्री सुनाएंगी कविताएं

139 दिन चलने वाले विक्रमोत्सव में शनिवार की रात कालिदास अकादमी के पं. सूर्यनारायण व्यास संकुल में महिला कवयित्रियों की महफिल सजेगी। रात 8 बजे से अखिल भारतीय कवियत्री सम्मेलन में देशभर की जानी-मानी कवयित्रियां कविता पाठ करेंगी।

आयोजन समिति के राजेशसिंह कुशवाहा ने बताया कि नईदिल्ली की बलजीत कौर तन्हा, हाथरस की मीरा दीक्षित, भुज की मोनिका हटेला, भोपाल की शिवांगी शर्मा, नागपुर की श्रद्धा शौर्य, प्रयागराज की आभा श्रीवास्तव, कटनी की प्रियंका मिश्रा, वडोदरा की श्वेताङ्क्षसह, गीत-गजल, ओज, हास्य-व्यंग्य की रचनाओं का पाठ करेंगी। विक्रमादित्य शोधपीठ के डॉ रमन सोलंकी ने सुधीजनों से कवि सम्मेलन में शिरकत करने की अपील की है।

Related Articles

Write a review