एलपीजी संकट : होटल-रेस्टोरेंट पर भट्टी के दिन लौटे, मैन्यू भी बदला

कमर्शियल सिलेंडर ब्लैक में 4500 रुपए में मिल रहा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
उज्जैन। ईरान-इजराइल और अमेरिका की जंग ने उज्जैन को एक बार फिर ८० के दशक में लौट दिया है। एलपीजी (द्रव्य पेट्रोलियम गैस) की किल्लत के बीच कंपनियों ने भले ही घरेलू सिलेंडर की व्यवस्था ठीक कर ली हो लेकिन होटल-रेस्टोरेंट वालों की मुसीबत हो गई है। कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति बंद होने से होटल-रेस्टोरेंट दशकों पुराने कोयला भट्टी पर लौट आए हैं। जिनके पास कमर्शियल गैस सिलेंडर का पुराना स्टॉक है, वहां से सिलेंडर की कालाबाजारी की शिकायत मिल रही है।
1800 रुपए वाला सिलेंडर 4500 रुपए तक बेचे जाने की चर्चा हो रही है। हालांकि आगे भी आपूर्ति हासिल करने के लिए लोग शिकायत करने से बच रहे हैं। अकेले महाकालेश्वर मंदिर क्षेत्र की ही बात करें तो यहां कम से कम 100 ऐसे रेस्टोरेंट-भोजनालय होंगे जिनके संचालकों ने कोयला भट्टी का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। कई रेस्टोरेंट-होटल पर मीनू से हटकर केवल भोजन की थाली ही मिल रही है। अलग से लगने वाले ऑर्डर बंद कर दिए गए हैं। यह कदम गैस की खपत कम करने के लिए उठाया जा रहा है।
7 हजार सिलेंडर की हर रोज बुकिंग
उज्जैन में फिलहाल 7 हजार सिलेंडर की रोज बुकिंग हो रही है। महाकाल गैस एजेंसी के संचालक भगवानदास ऐरन के मुताबिक इतने ही घरेलू सिलेंडर की आपूर्ति भी हो रही है, लिहाजा घरों तक सिलेंडर पहुंचने में अब कोई दिक्कत नहीं है। ऐरन ने बताया कि एलपीजी क्राइसिस के पहले दिनों में रोज बुकिंग का आंकड़ा 12 हजार तक पहुंच गया था। पैनिक बुकिंग अब बहुत हद तक कम हो गई है।
कमर्शियल सिलेंडर सिर्फ आश्रम, मंदिर हॉस्टल को
कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति के बारे में एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश हंै कि फिलहाल इनकी आपूर्ति मंदिर, आश्रम, हॉस्टल कैंटीन, प्रसाद बनाने वाली संस्थाओं को ही की जाए। किसी भी होटल-रेस्टोरेंट पर फिलहाल कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं की जा रही है।
पीएनजी वाले के कनेक्शन बंद करने की प्रक्रिया शुरू: केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद पीएनजी कनेक्शन वालों के एलपीजी कनेक्शन बंद करने शुरू कर दिए गए हैं। शहर में पीएनजी कनेक्शन देने वाली अवंतिका गैस लिमिटेड कंपनी से मिली उपभोक्ताओं की जानकारी के मुताबिक एलपीजी कंपनियों के बुकिंग सॉफ्टवेयर में दोनों कनेक्शन रखने वाले कस्टमर के नाम अपलोड कर दिए गए हंै। जैसे ही कोई पीएनजी धारक एलपीजी की ऑनलाइन बुकिंग कर रहा है, उसकी बुकिंग निरस्त हो जा रही है।
घरेलू रसोई गैस सिलेंडर वितरण की व्यवस्था बहुत हद तक सुचारू हो गई है। कमर्शियल के बारे में हमें फिलहाल सरकार के किसी तरह के निर्देश नहीं है। कमर्शियल सिलेंडर की कंपनियों से आपूर्ति भी नहीं हो रही है।- शालू वर्मा, जिला आपूर्ति नियंत्रक









