यूनिटी मॉल का 70 फीसदी काम पूरा, जून तक पूरा करने का लक्ष्य

हेरिटेज लुक में बन रहा, नजर आएगी उज्जैन की संस्कृति की झलक
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। विकास को नई ऊंचाइयां देने वाले कई प्रोजेक्ट इन दिनों शहर में चल रहे हैं। सिंहस्थ 2028 से पहले इन्हें पूरा करने की डेडलाइन भी तय है। इन्हीं प्रोजेक्ट में एक है इंदौर रोड पर हरिफाटक ब्रिज के पास 283.71 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा यूनिटी मॉल। 3.20हेक्टेयर में बन रहे मॉल का 70 फीसदी काम पूरा हो चुका है। शेष 30 प्रतिशत काम को जून तक खत्म करने का लक्ष्य है। इसके परियोजना के पूरा होते ही शहर विकास को पंख लग जाएंगे जो उसे ना सिर्फ आर्थिक रूप से बेहद सक्षम बनाएंगे बल्कि रोजगार के भी नए मौके उपलब्ध करवाएंगे। इससे विकास के आसमान पर शहर उड़ान की नई इबारत लिखेगा।
उज्जैन की संस्कृति के अनुरूप हेरिटेज लुक में बन रहे यूनिटी मॉल में पांच मंजिला कन्वेंशन सेंटर होगा। यहां पर करीब 45 कमरे बनाए जाएंगे जिसमें श्रद्धालु रुक सकेंगे। इसमें बड़े आयोजनों के साथ में मीटिंग आदि हो सकंेगी। मॉल में भूतल पर 36300 वर्गफीट, पहली मंजिल पर 36300 वर्गफीट व दूसरी मंजिल पर 17400 और इसी तरह तीसरी, चौथी व पांचवीं मंजिल पर 17400 वर्गफीट में निर्माण चल रहा है। मॉल में बच्चों के लिए विशेष गेम झोन विकसित किया जाएगा। फिलहाल निर्माण स्थल पर 130 फीट ऊंची टॉवर क्रेन से काम किया जा रहा है और 100 से ज्यादा मजदूर इस काम में जुटे हैं। प्रशासन का मानना है कि यूनिटी मॉल शहर के पर्यटन और व्यापारिक परिदृश्य को नई दिशा देगा।
ऐसा होगा यूनिटी मॉल
यूनिटी मॉल के भूतल पर 12 बड़े शोरूम रहेंगे। प्रत्येक शोरूम का क्षेत्रफल 250 वर्गफीट रहेगा। 14 अन्य दुकानें भी बनेंगी। प्रथम तल पर अन्य राज्यों के लिए 1200 वर्गफीट के 12 शोरूम रहेंगे। दूसरे तल पर भी शोरूम रहेंगे। तीसरे तल पर दो मल्टीप्लेक्स और दो रेस्टोरेंट होंगे। मॉल सेंट्रल एयर कंडीशनर रहेगा। यूनिटी मॉल में बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए पार्किंग एरिया रहेगा जिसका महाकाल लोक आने वाले दर्शनार्थियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। बेसमेंट के पार्किंग झोन में करीब 425 वाहन पार्क हो सकेंगे। यूनिटी मॉल में बड़ा पार्क भी होगा जिसमें मॉल में बच्चों के लिए विशेष गेम झोन भी रहेगा। इसके अलावा परिसर में 12 एस्केलेटर और 13 लिफ्ट से आवाजाही आसान होगी। सोलर सिस्टम और आधुनिक फायर फाइटिंग सिस्टम जैसी सुरक्षित सुविधाएं होंगी।









