1 दिन के 100, 1 माह के 1500 और 3 माह के लिए देना होंगे 4 हजार

महानंदानगर स्वीमिंग पूल शुरू उमडऩे लगे तैराकी के शौकीन
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
दरें तय नहीं होने से कोठी रोड का पूल फिलहाल बंद, निगमायुक्त को भेजा नियमित संचालन और समय का प्रस्ताव
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। पिछले दिनों मिली नगर निगम के कोठी रोड स्थित अंतर्राष्ट्रीय स्तर के स्वीमिंग पूल की सौगात मिलने के अब महानंदानगर स्थित स्वीमिंग पूल में भी तैराकी के शौकीनों का जमावड़ा लगने लगा है। यहां पर सुबह, दोपहर और शाम के लिए अलग-अलग शिफ्ट और फीस भी तय कर दी गई है। एक दिन तैराकी करने वालों को 100, 1 माह के लिए 1500 और 3 माह के लिए 4 हजार रुपए चुकाने होंगे।
पूल से जुड़े ट्रेनर यश तिवारी ने बताया कि गर्मी शुरू होते ही तैराकी सीखने के लिए शहरवासियों का पहुंचना शुरू हो गया है। इसमें बच्चों की संख्या ज्यादा है। एक दिन में 18 शिफ्ट रहेगी जो सुबह 6.15 बजे से शुरू होगी और रात 9.30 बजे तक चलेगी। पास लेने वालों के लिए रविवार को अवकाश रहेगा। इसकी फीस भी तय कर दी गई है। इसके मुताबिक 1 दिन तैराकी करने के लिए 150 रुपए तय किए गए हैं जिस पर 50 रुपए का डिस्काउंट मिलेगा। इस तरह 100 रुपए चुकाने होंगे।
इसी तरह एक माह के पास के लिए 2 हजार रुपए तय किए हैं जिसमें 500 रुपए की छूट मिलेगी जिसके बाद 1500 रुपए देने होंगे। इसी तरह 3 माह के लिए 5 हजार फीस है लेकिन १ हजार रुपए की छूट के बाद 4 हजार रुपए चुकाने होंगे। यदि आप तैराकी के प्रशिक्षण के लिए ट्रेनर हायर करते हैं तो 1500 रुपए एक्सट्रा देने होंगे।
यह रहेगा तैराकी का समय
सभी को तैराकी के लिए 45 मिनट से 1 घंटे का समय मिलेगा। पहली शिफ्ट महिलाओं की रहेगी जिसका समय सुबह 6.15 बजे से 7 बजे तक रहेगा। दूसरी सुबह 7 से 7.45 बजे, तीसरी 7.45 से 8.30 बजे, चौथी 8.30 से 9.15 बजे और पांचवीं 9.15 से 10 बजे तक होगी। यह शिफ्ट सभी के लिए होगी।
दोपहर की शिफ्ट- इसमें एक घंटे का समय मिलेगा। इसके तहत छठी शिफ्ट सुबह 10 से 11 बजे, सातवीं 11 से 12 बजे, आठवीं दोपहर 12 से 1, नौवीं 1 से 2, दसवीं 2 से 3, ग्यारवीं 3 से शाम 4 और बाहरवीं 4 से 5 बजे तक रहेगी। यह शिफ्ट सभी के लिए रहेगी।
शाम की शिफ्ट- इसमें 45 मिनट का समय मिलेगा। जिसमें शाम 5 से 5.45 बजे, 5.45 से 6.30 बजे 6.30 से 7.15 बजे, 7.15 से 8 बजे की शिफ्ट सभी के लिए होगी। इसके बाद 8 से 8.45 बजे और 8.45 से 9.30 बजे तक की शिफ्ट फैमिली के लिए होगी।
कोठी रोड पूल के लिए निगमायुक्त को भेजा प्रस्ताव
इधर, कोठी रोड स्थित नए स्वीमिंग पूल में दरें निर्धारित नहीं होने से इसे बंद कर दिया गया है। दर निर्धारित होने के बाद इसे लागू कर शहरवासियों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। पूल के नियमित संचालन और समय को लेकर फिलहाल नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के पास प्रस्ताव भेजा गया है, वहां से अप्रूव होते ही इसे लागू कर पूल शुरू किया जाएगा जिसमें शहरवासी तैराकी का मजा ले सकेंगे।
आपको बता दें कि हाल ही में सीएम डॉ. मोहन यादव ने अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुसार 8.30 करोड़ रुपए की लागत से बने नगर निगम के इस नए पूल का लोकार्पण किया था। पहले 7 दिनों तक इसे शहरवासियों के लिए फ्री रखा गया था। इस दौरान जमकर भीड़ उमड़ी थी। मुख्य पूल की 25 बाय 50 मीटर का है जिसकी गहराई 4.5 फीट से 6.15 फीट तक है। बच्चों के लिए वॉर्मअप पूल भी बनाया गया है जिसकी गहराई 2.5 से 3 फीट है। इसमें विजिटर गैलरी भी बनाई गई हैं जहां 200 लोगों के बैठने की व्यवस्था है।
इनका कहना
कमिश्नर सर के पास प्रस्ताव भेजा है, वहां से अप्रूव होने के बाद इसे लागू किया जाएगा।
-रविकांत मगरदे,
सहायक आयुक्त एवं नियंत्रण अधिकारी









