Advertisement

मुंबई, दिल्ली, बिहार रूट की ट्रेनें जुलाई तक बढ़ीं

उज्जैन। पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों में होने वाली अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रतलाम मंडल से होकर गुजरने वाली विभिन्न स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि को बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि यात्रियों की मांग को देखते हुए इन ट्रेनों के फेरों को अप्रैल से लेकर जुलाई 2026 तक के लिए विस्तारित किया गया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe

Advertisement

इंदौर और डॉ. अंबेडकर नगर से चलने वाली ट्रेने

इंदौर-हजऱत निज़ामुद्दीन स्पेशल (09309) के फेरे 28 जून तक बढ़ाए गए हैं, जबकि वापसी में गाड़ी संख्या 09310 अब 29 जून तक चलेगी। हालांकि, यह ट्रेन मई माह में 22 से 25 तारीख के बीच संचालित नहीं होगी। इसी तरह डॉ. अंबेडकर नगर-पटना स्पेशल (09343/09344) के फेरों को 26 जून तक के लिए बढ़ा दिया गया है, जिससे बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इंदौर-खडकी साप्ताहिक स्पेशल भी अब 30 जुलाई तक पटरी पर दौड़ेगी।

Advertisement

मुंबई और बांद्रा टर्मिनस से जुड़ी सेवाएं: मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम स्पेशल (09075/09076) को 30 अप्रैल तक विस्तारित किया गया है। मुंबई सेंट्रल से ही कानपुर अनवरगंज के बीच चलने वाली विशेष ट्रेन (09185/09186) अब 27 जुलाई तक उपलब्ध रहेगी। बांद्रा टर्मिनस से भिवानी, भगत की कोठी और जयपुर जाने वाली साप्ताहिक ट्रेनों को भी जुलाई के मध्य तक विस्तार दिया गया है, जिससे राजस्थान और हरियाणा की ओर जाने वाले यात्रियों का सफर आसान होगा।

गुजरात और राजस्थान रूट की अन्य ट्रेनें

Advertisement

अहमदाबाद-पटना स्पेशल (09447/ 09448) अब 1 मई तक चलेगी। वडोदरा से गोरखपुर और मऊ के लिए चलने वाली साप्ताहिक ट्रेनों को भी 29 जुलाई तक संचालित करने का निर्णय लिया गया है। धार्मिक यात्रा के लिहाज से महत्वपूर्ण बीकानेर-साई नगर शिरडी साप्ताहिक स्पेशल अब 12 जुलाई तक चलेगी। इसके अलावा अजमेर-सोलापुर और हिसार-वलसाड साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों की समय सीमा भी 16 जुलाई तक बढ़ा दी गई है।

सुचारू रहेगी रेल सेवा: रेलवे प्रशासन के अनुसार, इन फेरों के विस्तार से लंबी दूरी के यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में आसानी होगी। ट्रेनों के समय और ठहराव में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यात्री इन ट्रेनों की विस्तृत जानकारी और बुकिंग के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट अथवा पूछताछ खिड़की की मदद ले सकते हैं।

Related Articles

Write a review