बाइक पर खड़ा था गांजा लेकर, घेराबंदी कर पकड़ा

1.840 किलो गांजा और बाइक जब्त, धार से लेकर आया था
उज्जैन। ग्राम खरसौदकलां क्षेत्र में झाबरी रोड पुलिया के पास बाइक पर गांजा लेकर खड़े नशे के सौदागर को भाटपचलाना पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा। तलाशी में उसके पास से 1.840 किलो गांजा और बाइक जब्त की गई है जिसकी कीमत 68 हजार रुपए है। पुलिस उसे शनिवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगेगी।
टीआई सतेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक पर गांजा लेकर ग्राम खरसौदकलां क्षेत्र में झाबरी रोड पुलिया के पास खड़ा है और किसी को देने की फिराक में है। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंची जहां बाइक पर झोला टांगे एक शख्स नजर आया जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम महेश पिता अमर सिंह (37) निवासी खरसौदकलां बताया। झोले की तलाशी लेने पर उसमें 1 किलो 840 ग्राम गांजा मिला। इसके बाद उसे गिरफ्तार करते हुए 18 हजार कीमत का गांजा और 50 हजार रुपए की बाइक जब्त की गई। आरोपी गांजा कहां से लाया था, इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश भी की जा रही है।
नेटवर्क का पता कर रहे हैं
पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि वह धार से गांजा लेकर आया था। उसके साथ नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा।
– सतेंद्र सिंह चौधरी
टीआई, थाना भाटपचलाना









