बूथ स्तर पर कार्यक्रम, रैली निकलेगी, घरों पर फहराएंगे ध्वज

भाजपा कल मनाएगी अपना 46वां स्थापना दिवस, कार्यकारिणी ने तय किए कार्यक्रम
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। 46 साल पहले भारतीय जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी में तब्दील हुई भाजपा अपना स्थापना दिवस सोमवार (6 अप्रैल) को धूमधाम से मनाएगी। जिला, नगर, मंडल के साथ बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शनिवार को नगर कार्यकारिणी ने आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए मीटिंग की। इसमें प्रदेश प्रवक्ताताओं की फौज में जगह बनाने वाले नेताओं का सम्मान किया गया।
फ्रीगंज स्थित लोकशक्ति भवन में हुई नगर कार्यकारिणी की बैठक की शुरुआत जनसंघ के पितृपुरुष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति पर माल्यार्पण से की गई। नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने इस मौके पर कहा कि हम विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के कार्यकर्ता हैं। चूंकि हम विश्व के सबसे बड़े दल के कार्यकर्ता हैं तो पार्टी का स्थापना दिवस भी उसी धूम से मनना चाहिए। प्रत्येक बूथ स्तर पर स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा और इसमें पार्टी की रीति-नीति, विचारधारा एवं जनहितकारी योजनाओं को पहुंचाने की पहल की जाएगी।
पदाधिकारियों का स्वागत
बैठक बाद नए प्रदेश प्रवक्ता रूप पमनानी, राजेद्र भारती, डॉ सनवर पटेल, गुलरेज शेख, विवेक गुप्ता, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राकेश पंड्या, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल वर्मा, मंत्री कार्तिक मिश्रा का अतिथियों ने स्वागत किया।
सोशल मीडिया पर डालेंगे पोस्ट
अग्रवाल ने कहा कि स्थापना दिवस को सभी कार्यकर्ता त्योहार की तरह लें। मुख्य कार्यक्रम भाजपा कार्यालय में सोमवार सुबह 9 बजे होगा। यहां से टॉवर चौक तक रैली निकाली जाएगी। स्थापना दिवस पर कार्यकर्ता अपने घरों पर पार्टी का ध्वज फहराएंगे और सेल्फी सोशल मीडिया पर पोस्ट करेंगे। 14 अप्रैल को पार्टी आंबेडकर जयंती भी बूथ स्तर पर मनाएगी।









