ट्रेन में हुक पर पर्स टांगकर सोया परिवार जागा तो चोरी हो चुका था

25 हजार रुपए कीमत के पर्स में आईफोन, 50 हजार कैश रखे थे
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। ट्रेनों में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। तमाम कोशिशों के बाद भी इन पर रोक नहीं लग पा रही है। स्लीपर कोच में वारदात को अंजाम देने वाले चोर अब एसी कोच में भी चोरी कर रहे हैं। सोमवार को भी नईदिल्ली के परिवार के साथ ऐसी ही वारदात हुई जब परिवार सो रहा था तो अज्ञात बदमाश कोच में घुसा और हुक पर टंगा उनका पर्स लेकर फरार हो गया। पर्स 1.55 लाख रुपए का सामान था। मामले में जीआरपी ने जीरो पर कायमी कर थाना शामगढ़ को फाइल भेजी है।
जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार नईदिल्ली की रहने वाली सुधा पति योगेश तलवार अपने परिवार के साथ गाड़ी नंबर 12416 नईदिल्ली-इंदौर इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस से भगवान महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आ रही थीं। सभी सेकंड एसी कोच ए-2 में सवार थे। रात में सुधा तलवार ने अपना पर्स सीट के पास हुक पर टांग दिया और सभी सो गए।
ट्रेन के नागदा पहुंचने पर जब उनकी नींद खुली तो पर्स नहीं था। उन्होंने आसपास देखा और अन्य यात्रियों से भी पूछताछ की लेकिन पता नहीं चल सका। अज्ञात बदमाश पर्स चोरी कर रफूचक्कर हो गया था। पर्स में 80 हजार का आईफोन, 50 हजार रुपए कैश रखे थे, जबकि पर्स की कीमत 25 हजार रुपए है। इस तरह कुल 1.55 लाख रुपए का सामान चोरी हो गया। उन्होंने सोमवार सुबह उज्जैन पहुंचने के बाद जीआरपी थाने को शिकायत की। जीआरपी ने जीरो पर कायमी कर केस डायरी थाना शामगढ़ (चौकी नागदा) को भेजी है।









