इलेक्ट्रिक गोदाम में आग लाखों रुपए के नुकसान की आशंका

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। डाबरीपीठा स्थित इलेक्ट्रिक गोदाम में बुधवार सुबह करीब 9 बजे शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। गोदाम से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
प्रारंभिक तौर पर मिली जानकारी के मुताबिक आग डाबरीपीठा स्थित गणेश इलेक्ट्रिक गोदाम में लगी। धीरे-धीरे आग फैली और धुआं उठने लगा। जैसे ही आसपास के लोगों ने गोदाम से धुआं निकलता देखा तो तत्काल फायर ब्रिगेड का सूचना दी लेकिन तब तक आग फैल गई थी और उसने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर 4 दमकल मौके पर पहुंची और बमुश्किल आग पर काबू पाया। इस दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि आग से गोदाम में रखा लाखों का इलेक्ट्रिक सामान जलकर खाक हो गया। फिलहाल कितने का नुकसान हुआ, इसका आंकलन नहीं किया जा सका है।









