Popup Image
Advertisement

मंदिरों में सक्रिय दुपट्टा गैंग, महिलाओं ने कुंडेश्वर महादेव में गर्दन पर स्टॉल रख काटी सोने की चेन

महाकाल और मंगलनाथ के बाद अब सांदीपनि आश्रम में महिला चोरों का इंटरस्टेट गिरोह एक्टिव

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। अधिक मास में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ते ही महिला चोरों का गिरोह भी सक्रिय हो गया है। सांदीपनि आश्रम में ८४ महादेव मंदिर कुंडेश्वर महादेव में दर्शन के दौरान तीन संदिग्ध महिलाओं ने एक दर्शनार्थी महिला के गले में स्टॉल (मुंह पर बांधने वाला कपड़ा) रखकर सवा तौले की चेन काट ली।

इन दिनों शहर में देशभर से आए श्रद्धालुओं की भीड़ है। अधिकमास के कारण लोग ८४ महादेव, नौ नारायण और सप्त सागर की धार्मिक यात्राएं कर रही हैं। इन्हीं श्रद्धालुओं के बीच लेडी चेन स्नेचर भी सक्रिय हो गई हैं, जो मौका देखकर वारदात कर रही हैं। गुरुवार को चेन चोरी की घटना कानीपुरा मार्ग पर नागेश्वर धाम कॉलोनी में रहने वाली श्यामली पति जितेंद्र अग्रवाल के साथ हुई है। वे पति के साथ ८४ महादेव की यात्रा पर निकली थीं। सांदीपनि आश्रम में विराजित ८४ महादेव के कुंडेश्वर महादेव मंदिर में उनके गले से पुश्तैनी सोने की चेन गायब हो गई।

Advertisement

सीसीटीवी में वारदात करती महिलाएं दिखीं

जीवाजीगंज पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में वारदात का तरीका बेहद हैरान करने वाला है। तीनों आरोपी महिलाएं श्रद्धालु बन श्यामली अग्रवाल के पीछे-पीछे मंदिर में दाखिल हुई थीं। एक महिला पिंक साड़ी, दूसरी पीली और तीसरी सूट पहने हुए व चश्मा लगाए नजर आ रही है। सूट पहनी महिला ने नीले रंग का स्टॉल (दुपट्टा) डाल रखा था। उसने भीड़ का फायदा उठाकर श्यामली अग्रवाल की गर्दन पर अपना दुपट्टा रखा और बड़ी सफाई से गले से चेन तोड़ ली। वारदात को अंजाम देते ही तीनों महिलाएं तेजी से आश्रम के बाहर निकल गईं। पुलिस अब उनके भागने वाले रास्तों के फुटेज ट्रेस कर रही है।

Advertisement

सवा तोले की पुश्तैनी चेन गायब, देवर ने खंगाले कैमरे: सांदीपनी आश्रम स्थित महादेव मंदिर में दर्शन के बाद जब वे बाहर आईं, तो उनके गले से सोने की पुश्तैनी चेन गायब थी। उन्होंने तुरंत मंदिर और आश्रम परिसर में चेन की काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। महिला ने अपने देवर मनीष अग्रवाल को घटना की जानकारी दी। मनीष ने तुरंत सांदीपनी आश्रम पहुंचकर वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक करवाया, जिसमें तीन महिलाएं बेहद शातिराना अंदाज में वारदात को अंजाम देती हुई दिखाई दीं। इसके बाद मामले की शिकायत जीवाजीगंज थाने में की गई।

वारदात कर तुरंत दूसरी साथी को सौंप देती हैं माल, महिलाओं को बनाती हैं निशाना

पुलिस के अनुसार, शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर ऐसी वारदातें पहले भी हो चुकी हैं। पूछताछ और पुराने रिकॉर्ड के आधार पर महिला चोरों के इस गिरोह का एक खास पैटर्न सामने आया है। इससे पहले महाकाल मंदिर, मंगलनाथ मंदिर और गढक़ालिका मंदिर जैसे बड़े धार्मिक स्थलों पर महिला श्रद्धालुओं के साथ चेन स्नैचिंग की घटनाएं हो चुकी हैं। पूर्व में महाकाल मंदिर से ऐसी कुछ आरोपी महिलाएं पकड़ी भी जा चुकी हैं।

यह गिरोह विशेष रूप से बाहरी राज्यों से आता है। गिरोह में 3 से 4 महिलाएं होती हैं, जो आम श्रद्धालु बनकर भीड़ का हिस्सा बनती हैं। जैसे ही एक महिला चेन या मंगलसूत्र तोड़ती है, वह तुरंत उसे अपने साथ चल रही दूसरी महिला को सौंप देती है। इसके बाद वह महिला भीड़ का फायदा उठाकर तुरंत परिसर से बाहर निकल जाती है, जिससे पकड़े जाने पर भी उनके पास से कुछ बरामद न हो सके। पुलिस ने बताया कि फुटेज के आधार पर हुलिया दर्ज कर लिया गया है। शहर के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स के साथ-साथ रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के कैमरों को भी चेक किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें