सेंडबोआ सांप के साथ नीलगंगा पुलिस ने पांच को पकड़ा, वन विभाग को सौंपा

उज्जैन। सेंडबोआ सांप के साथ नीलगंगा पुलिस ने पांच आरोपियों को पकड़ा और फिर वन विभाग के हवाले कर दिया। सामान्य भाषा में इस सांप को चकलोन या दोमुंहा सांप भी कहते हैं। आरोपियों के नाम इमरान पिता अय्यूब खान निवासी मिल्कीपुरा, हाफिज पिता गुलाब खान निवासी आगर नाका, अजहर अली पिता अबरार निवासी शिप्रा ढाबा, गुजरेज पिता बाबू खां निवासी निजातपुरा और मुकेश पिता भेरूलाल निवासी कोकलाखेड़ी है। मुख्य आरोपी मुकेश है जिसे यह सांप मिला था।
सभी इसे बेचने की फिराक में थे लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धरदबोचा। शुक्रवार को डीएफओ अनुराग तिवारी ने बताया कि सामान्य भाषा में इस सांप को चकलोन भी कहते हैं। तांत्रिक क्रियाओं के लिए इनका यूज किया जाता है। इसके अलावा अंधविश्वास की आड़ में लोगों को ठगा भी जाता है। यह साधारण सांप है जो जहरीला नहीं होता और ना ही किसी को नुकसान पहुंचाता है। मामले में वन विभाग के एसडीओ विक्रम सिंह सोलंकी ने कार्रवाई की।
कॉल सेंटर भी शुरू किया : डीएफओ तिवारी ने बताया कि वन्य प्राणी के रेस्क्यू और शिकायत के लिए वन विभाग ने कॉल सेंटर भी शुरू किया हुआ है जिसका नंबर ९४२४७-९००२० है। यदि वन्य प्राणियों से संबंधित कोई भी शिकायत या उनका रेस्क्यू के लिए इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों लोगों की सूचना पर स्टॉर कछुए और लंगूर भी पकड़े गए हैं।









