नईसड़क स्थित कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में आग लगी, काबू पाया

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नईसड़क स्थित कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में रविवार रात करीब ९ बजे आग लगने की घटना हुई है। आग की लपटें उठती देख आसपास के व्यापारियों और रहवासियों फायर ब्रिगेड को सूचना दी। करीब आधे घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
बताया जाता है कि मार्केट की दुकानों से निकलने वाला इलेक्ट्रॉनिक वेस्ट (कचरा) लंबे समय से बेसमेंट की खाली जगह में फेंका जा रहा था। रविवार देर रात इस कचरे के ढेर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में धुआं फैल गया। शुरुआत में स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। जिस परिसर में यह घटना हुई, वह शहर का सबसे बड़ा इलेक्ट्रॉनिक मार्केट है। यहां दिनभर सैकड़ों लोगों की आवाजाही रहती है और करोड़ों रुपए का माल स्टॉक रहता है। रात का समय होने के कारण बाजार बंद था जिससे कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई लेकिन आग की वजह से काफी देर तक क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।
लोगों का आरोप है कि मार्केट के दुकानदारों द्वारा सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर लगातार इलेक्ट्रॉनिक वेस्ट खुले में फेंका जा रहा है जिससे पहले भी छोटी-मोटी घटनाएं हो चुकी हैं। फायर ब्रिगेड प्रभारी एलएन साहू ने बताया कि जिन लोगों ने वहां कचरा फेंका था, उसकी जानकारी ली जा रही है। उन पर जुर्माना किया जाएगा।









