गंदगी से गुजर रही आस्था, बचने की कोशिश में गिर रहे

अधिकमास : 84 महादेव और 9 नारायण मंदिर जाने वाले मार्ग खराब, सबसे बेकार स्थिति में ढाबा रोड
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। तीन साल बाद आए अधिकमास में इन दिनों चौरासी महादेव, नौ नारायण की यात्रा कर रहे दर्शनार्थियों को धूल, मिट्टी और नाली की गंदगी से होकर गुजरना पड़ रहा है। अधिकमास शुरू होने के पहले ही बेहतर व्यवस्था का दावा करने वाले अधिकमास के 10 दिन बीतने के बाद भी हालात नहीं सुधार पा रहे हैं।
अधिकमास में चौरासी महादेव, नौ नारायण और सप्त सागर की यात्रा के लिए दर्शनार्थी उज्जैन आते हैं। करीब 5 दिन में वे यात्रा पूरी करते हैं। श्रद्धालु तो खासे उज्जैन आए हैं लेकिन बे मन यात्रा पूरी कर रहे हैं। इन मंदिरों के पास गंदगी, खुदी सडक़ें है। 9 नारायण में एक सती गेट के पास स्थित श्री लक्ष्मीनारायण जनार्दन मंदिर में विराजित शिवनारायण भगवान हैं। लेकिन सती गेट पर निर्माण कार्यों के कारण रास्ता बंद है और दर्शनार्थी यहां पहुंच ही नहीं पा रहे हैं।
मुख्य द्वार बंद, गलियों से रेंगकर जाने को मजबूर श्रद्धालु
कार्तिक चौक-ढाबा रोड अधिकमास की यात्राओं का केंद्र बिंदू हैं। यहां करीब 25 से अधिक 84 महादेव और 9 नारायण के श्री सत्यनारायण मंदिर और चतुर्भुज नारायण मंदिर आदि हैं। सत्यनारायण मंदिर के बाहर सडक़ खुदी है। मंदिर की सीढिय़ा भी टूटी है, साइड से मंदिर में जाना पड़ रहा है। चतुर्भुज नारायण मंदिर के बाहर नाले का पानी बह रहा है। इसी से होकर श्रद्धालु दर्शन के लिए जा रहे हैं। कई बार तो नाली के पानी से बचने के प्रयास में श्रद्धालु महिलाएं गिर भी जाती हैं।
निगम कमिश्नर के आदेश के बाद भी सुधार नहीं
अधिकमास शुरू होने के दो दिन पहले चतुर्भुज नारायण मंदिर में निगम निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा खुद निरीक्षण करने आए थे। उन्होंने अफसरों को अधिकमास से पहले नाली ठीक करने का सख्त ऑर्डर दिया था। जिम्मेदारों ने आयुक्त की बात को अनसुना कर दिया और आज तक काम अधूरा है। सडक़ पर नाले का पानी बह रहा है। श्रद्धालु उसमें से गुजरने को मजबूर हैं।
प्लानिंग से काम नहीं किया: निर्माणकर्ताओं ने प्लानिंग से काम नहीं किया। बार-बार सलाह दी गई कि मंदिर के सामने की व्यवस्था पहले बना दो। व्यवस्था तो नहीं सुधारी, सीढिय़ां जरूर तोड़ दी। नाली के पानी से गंदे पैर लेकर दर्शनार्थी मंदिरों में जा रहे हैं। बदबूदार माहौल हो रहा है। पं. ओमप्रकाश व्यास, पुजारी श्री सत्यनारायण भगवान मंदिर ढाबा रोड
जल्दी ही समस्या दूर होगी: शिकायत आ रही थी, मैंने खुद वहां जाकर देखा है। मलबा हटवाकर नालियां शुरू करवा रहे हैं। जल्दी ही समस्या दूर हो जाएगी।
हिमांशु तिवारी, ईई
नगर निगम उज्जैन









