इंदौर : भारत-लैटिन अमेरिका व्यापार एवं निवेश मंच का शुभारंभ
मध्यप्रदेश में निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

अक्षरविश्व न्यूज|इंदौर। शनिवार को भारत-लैटिन अमेरिका एवं कैरेबियन व्यापार एवं निवेश फोरम-2026 का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में 15 देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों और प्रतिनिधियों सहित 350 से अधिक निवेशक, उद्योगपति, निर्यातक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।
फोरम का उद्देश्य भारत और लैटिन अमेरिकी देशों के बीच व्यापार, निवेश तथा औद्योगिक सहयोग को नई दिशा देना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर की नगरी इंदौर में इस महत्वपूर्ण आयोजन का होना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है और ऐसे समय में विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों का मध्यप्रदेश में आना प्रदेश की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण है। सीएम ने कहा सुविधाओं के कारण वैश्विक निवेशकों को आकर्षित कर रहा है। मध्यप्रदेश में निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण मौजूद है।
निवेश को बढ़ावा देने के लिए नीतियां लागू
मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने निवेशक-अनुकूल नीतियां लागू की हैं। प्रदेश में लैंड बैंक, पर्याप्त बिजली उपलब्धता, बेहतर सडक़ नेटवर्क और सुगम औद्योगिक प्रक्रियाएं निवेशकों को आकर्षित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह मंच प्रदेश के युवा उद्यमियों को वैश्विक बाजारों से जोडऩे का अवसर प्रदान करेगा।
कृषि, फार्मा में सहयोग की अपार संभावनाएं
भारत और लैटिन अमेरिकी देशों के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। ब्राजील, मेक्सिको, चिली, अर्जेंटीना, पेरू और कोलंबिया की सक्रिय भागीदारी संकेत है कि मध्यप्रदेश अंतरराष्ट्रीय निवेशकों की पसंद बन रहा है। उन्होंने कृषि, फूड प्रोसेसिंग, फार्मास्यूटिकल्स, डिजिटल टेक्नोलॉजी की संभावनाओं पर जोर दिया।
नए निवेश और रोजगार के अवसर खुलेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत-लैटिन अमेरिका एवं कैरेबियन व्यापार एवं निवेश फोरम-2026 केवल व्यापारिक मंच नहीं, बल्कि वैश्विक साझेदारी का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे प्रदेश में नए निवेश आएंगे, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और मध्यप्रदेश की पहचान अंतरराष्ट्रीय निवेश मानचित्र पर और अधिक मजबूत होगी।









