जयपुर में पटाखा गोदाम में भीषण आग, बच्चे समेत 4 की मौत; रिहायशी इलाके में मची अफरा-तफरी

जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में मंगलवार सुबह 11 बजे पटाखों के गोदाम में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई जबकि चार मजदूर बुरी तरह झुलस गए। मरने वालों में रामगंज निवासी एक व्यक्ति शामिल है जबकि बाकी तीन की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। झुलसे चारों मजदूरों को SMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये सभी खोह नागोरियान के रहीम नगर के रहने वाले हैं।
घायलों की हालत बेहद गंभीर
SMS अस्पताल के प्लास्टिक सर्जन डॉक्टर आरके जैन ने बताया कि दो घायलों की हालत सबसे ज्यादा चिंताजनक है। दोनों 95 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। एक अन्य घायल 75 प्रतिशत और एक 65 प्रतिशत जल गया है। सभी की स्थिति गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
रिहायशी इलाके में था अवैध गोदाम
जयपुर कलेक्टर ने बताया कि यह पटाखों का गोदाम आयशा नगर तलाई क्षेत्र में ITI कॉलेज के पास स्थित है। किसी ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग भड़की। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने साफ किया कि जहां हादसा हुआ वह पटाखे रखने का गोदाम था जबकि इसकी फैक्ट्री कुछ दूरी पर है। उन्होंने बताया कि यह गोदाम रिहायशी इलाके में अवैध रूप से चलाया जा रहा था और गोदाम मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पूरी जांच के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
विधायक बोले — क्या पुलिस को पता नहीं था?
स्थानीय विधायक अमीन कागजी ने इस हादसे पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि रिहायशी इलाके में बारूद का गोदाम चल रहा था और क्या पुलिस को इसकी कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा कि लोग किसके दबाव में चुप रहे और यह गोदाम किसका है इस पर भी कोई जवाब नहीं मिल रहा। विधायक ने यह भी कहा कि अब जिम्मेदार यह कहेंगे कि मरने वाले राजस्थान के नहीं थे लेकिन क्या इससे उनकी जान की कीमत कम हो जाती है। उन्होंने साफ कहा कि यह पूरी तरह प्रशासनिक विफलता है।









