5,800 करोड़ के निवेश प्रस्ताव आए 10 हजार से ज्यादा रोजगार मिलेंगे : सीएम

इंदौर में सेमीकंडक्टर समिट-2026 का शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने 12 से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधियों से की चर्चा
इंदौर-उज्जैन कॉरिडोर में हाईटेक उद्योगों को मिलेगी प्राथमिकता
अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। मध्यप्रदेश को देश का प्रमुख सेमीकंडक्टर और तकनीकी केंद्र बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में शुक्रवार को दो दिवसीय मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026 का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि समिट के माध्यम से प्रदेश में करीब 5,800 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनसे 10 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
समिट में 1,000 से अधिक प्रतिनिधियों के साथ जापान, दक्षिण कोरिया, ताइवान और स्वीडन के प्रतिनिधिमंडलों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 12 से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठक कर निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। दो दिवसीय आयोजन में आठ पैनल चर्चाएं, पांच राउंडटेबल और छह मुख्य व्याख्यान आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर नीति-2026 पर चर्चा और एमपी सेमीकॉन स्टार्टअप चैलेंज भी आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सेमीकंडक्टर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
चिप डिजाइन से लेकर एआई तक निवेश पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि समिट में चिप डिजाइन, एडवांस्ड पैकेजिंग, टेस्टिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), इलेक्ट्रॉनिक्स और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई है। प्रदेश में प्रतिभाशाली मानव संसाधन और उद्योगों के विकास के लिए अनुकूल परिस्थितियां उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश निवेशकों का स्वागत करने वाला राज्य है। सरकार पारदर्शी नीतियों और त्वरित निर्णय प्रक्रिया के माध्यम से उद्योगों को प्रोत्साहित कर रही है। निवेश संबंधी प्रक्रियाओं में अनावश्यक देरी रोकने और समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
32 हजार मेगावाट तक बिजली उत्पादन क्षमता
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश अब कृषि के साथ उद्योग, तकनीक और विनिर्माण के क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। ग्वालियर में टेलीकॉम विनिर्माण क्षेत्र को विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फार्मा, टेक्सटाइल और रक्षा उत्पादन के क्षेत्रों में भी प्रदेश प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की बिजली उत्पादन क्षमता करीब 5,000 मेगावाट से बढ़कर 32,000 मेगावाट हो गई है। नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भी निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं।
कॉरिडोर में हाईटेक उद्योगों को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इंदौर-उज्जैन इकोनॉमिक कॉरिडोर में सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, एडवांस्ड पैकेजिंग, चिप डिजाइन और अन्य हाईटेक उद्योगों को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे प्रदेश में आधुनिक तकनीक और उन्नत विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यहां चिप डिजाइन, वीएलएसआई, नवाचार, अनुसंधान एवं विकास, प्रोटोटाइपिंग और कौशल विकास को प्रोत्साहित किया जाएगा।









