Advertisement

फिल्मी स्टाइल में बैरिकेड्स तोड़ भागने की कोशिश स्टॉपर लगाकर रोका, पकड़े गए सीतामऊ के तस्कर

नाकेबंदी तोड़ भाग रही एंडेवर कार से 252 ग्राम एमडी बरामद, 5 गिरफ्तार

 

Advertisement

सीट के नीचे छिपा रखी थी एमडी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ में जीवाजीगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वाहन चैकिंग के दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों से 252 ग्राम नशीली एम.डी. ड्रग (मैफेड्रोन) बरामद की है। ड्रग्स के साथ इनसे लग्जरी गाड़ी एंडेवर भी पकड़ी है। हद तो यह है कि बदमाशों ने पुलिस के रोके जाने के बावजूद बैरिकेड तोड़कर भागने की कोशिश की, हालांकि, स्टॉपर लगा होने से वह सफल नहीं हो सकें।

Advertisement

दरअसल जीवाजीगंज पुलिस वाल्मीकि धाम चौराहे पर चैकिंग पॉइंट लगाकर जांच कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद फोर्ड एंडेवर कार (एमपी 09-सीटी-4511) वहां पहुंची। पुलिसकर्मियों ने जब कारचालक को रुकने का इशारा किया, तो उसने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और बैरिकेड तोडऩे की कोशिश की। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए सड़क पर लोहे के स्टॉपर (बैरिकेड्स) खींच दिए, जिससे घबराकर वाहन रोकना पड़ा, पुलिस ने घेराबंदी कर कार सवार पांचों आरोपियों को दबोच लिया। जब पुलिस टीम ने कार की सघन तलाशी ली, तो चालक की सीट के नीचे एक पारदर्शी पॉलीथिन मिली। इसे खोलने पर तीखी गंध वाला हल्के भूरे रंग का पाउडर मिला, जो जांच में एमडी निकला। तौल करने पर इसका वजन 252 ग्राम मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त 10 लाख की कार और आरोपियों के 5 मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं।

पांच आरोपियों में दो कुख्यात
पांचों आरोपी मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनके नाम विकास पिता पन्नालाल नायक (22 वर्ष), निवासी गोपालपुरा (कार चालक), याकूब पिता हाजी गुलबाज खान (52 वर्ष), निवासी गोपालपुरा, मान सिंह पिता जुझार सिंह गुर्जर (50 वर्ष) निवासी नयाखेड़ा, मोहम्मद जैद उर्फ बाबा पिता याकूब खान (19 वर्ष) निवासी गोपालपुरा और रईस खान पिता अमीर खान (48 वर्ष) निवासी बेलारी हैं।

Advertisement

दो आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

याकूब खान और मान सिंह गुर्जर शातिर अपराधी हैं। ये दोनों पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं। पुलिस बाकी की भी आपराधिक पृष्ठभूमि खंगाल रही है। जीवाजीगंज पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी प्रतीक शर्मा ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि वे यह खेप मंदसौर से उज्जैन में किसे सप्लाई करने लाए थे। ड्रग्स के मुख्य स्रोत और पूरी सप्लाई चैन का पता लगाने के लिए आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।

ई-स्कूटर और बाइक से शराब सप्लाई करने निकले , तीन गिरफ्तार, इनमें दो इंदौर के 

उज्जैन। पुलिस ने सोमवार को अवैध शराब तस्करी के भी दो मामले पकड़े हैं। थाना माधवनगर और थाना पंवासा पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह ई-स्कूटर और बाइक से शराब की सप्लाई कर रहे थे। इनमें से दो इंदौर के हैं। इनसे देसी व अंग्रेजी शराब सहित दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं। माधवनगर पुलिस ने विक्रमनगर ब्रिज तिराहे पर इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन लेकर खड़े अभिषेक पिता कैलाश यादव (40 वर्ष) निवासी बहादुरगंज को पकड़ा।

उसने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की भी। उसके बिना नंबर के ई-स्कूटर की तलाशी लेने पर दो झोलों और पेटियों में रखी 51,300 रुपए की शराब (देसी व 12 बोतल आरसी अंगे्रजी ) बरामद हुई। दूसरे घटना में पंवासा पुलिस ने शंकरपुर चौराहे पर दो युवक को दबोचा। यह मोटरसाइकिल पर शराब लेकर श्री सिंथेटिक चौराहे के पास किसी का इंतजार कर रहे थे। बाइक पर रखी प्लास्टिक की बोरी की जांच की गई, तो उसमें 6 पेटियां मिलीं, जिनमें 320 क्वार्टर देसी प्लेन शराब थी। आरोपियों के नाम विशाल पिता दशरथ सावलिया (27 वर्ष) निवासी पंचमूर्ति नगर इंदौर और प्रवीण पिता सौदानसिंह ठाकुर (29 वर्ष) निवासी डी सेक्टर राजनगर इंदौर है। इनसे बाइक व शराब जब्त की गई है। जब्त 320 क्वार्टर देशी प्लेन शराब की कीमत 24,320 रुपए है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें