हनी ट्रैप : सभी दस आरोपी जेल भेजे गए

फरार आरोपियों का अभी सुराग नहीं
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। युवती की मदद से नरवर के युवक को हनी ट्रैप में फंसाकर 10 लाख रुपए वसूलने वाले दबंग हिंदू सेना के संस्थापक लोकेश शर्मा और उसके 9 साथी रविवार को जेल दाखिल हो गए। नानाखेड़ा पुलिस ने दोपहर सभी को कोर्ट पेश किया। चूंकि पुलिस ने रिमांड की आवश्यकता नहीं बताई, ऐसे में आरोपियों को जेल रवाना कर दिया गया।
पंवासा के रहने वाले लोकेश शर्मा ने नरवर के हैदर पटेल को भोपाल की अंजलि ठाकुर के जरिये इंस्टाग्राम पर फांसा था। अंजलि ने हैदर से दोस्ती की और फिर नौकरी की जरूरत बताई। हैदर इंदौर रोड की एक होटल से उसे नौकरी बताने के बाद कार से लेकर वापस लौट रहा था, इसी दौरान लोकेश शर्मा ने अपने साथियों के साथ उसे घेर लिया था। दो कार में बैठकर आए 11 आरोपी हैदर को अपने साथ कमरे में ले गए थे।
यहां उसके अश्लील वीडियो बनाकर 50 लाख रुपए मांगे और 26 लाख पर बात फाइनल की। हैदर के परिवार ने 10 लाख रुपए आरोपियो को दे भी दिए थे, लेकिन बचे 16 लाख के लिए दबाव बनाने पर हैदर पुलिस के पास जा पहुंचा था। नानाखेड़ा पुलिस ने प्रकरण दर्ज करने के बाद 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था और रिमांड पर लेकर इनसे पूछताछ की जा रही थी। टीआई नरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि रविवार को रिमांड पूरा होने पर आरोपियों को कोर्ट पेश किया गया। रिमांड की आवश्यकता नहीं होने पर सभी को जेल भेज दिया गया।
दो फरार की तलाश जारी
इस मामले में फरार उज्जैन निवासी दीपक राजपूत और भोपाल की अंजलि ठाकुर की तलाश की जा रही है। टीआई ने बताया कि अंजलि को पकडऩे गई टीम लौट आई है। फिलहाल वह भोपाल से कहीं ओर चली गई है। दीपक भी फरार है।









