मोबाइल और बेग पर रहेगी सख्ती 200 कैमरे से रखेंगे सवारी पर नजर

श्री महाकालेश्वर में सावन : दर्शन की रूपरेखा और सवारी का शेड्यूल की दी कलेक्टर ने जानकारी
अपील-सकारात्मक रवैया अपनाएं, दर्शनार्थी तक सही जानकारी पहुंचाएं ताकि देश-दुनिया में बेहतर छवि बने
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सावन महीने में श्री महाकालेश्वर मंदिर में मोबाइल और बेग ले जाने पर सख्ती रहेगी। सवारी मार्ग पर 200 कैमरों से नजर रखी जाएगी। नागपंचमी पर्व की व्यवस्था की जानकारी पृथक से दी जाएगी।
रविवार की दोपहर त्रिवेणी संग्रहालय ऑडिटोरियम में कलेक्टर रौशनकुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा और मंदिर समिति प्रशासक प्रथम कौशिक ने मीडिया से सावन की व्यवस्था के संबंध में चर्चा की। प्रेस क्लब अध्यक्ष नंदलाल यादव भी साथ थे। कलेक्टर ने कहा सावन-भादौ के दौरान मंदिर में तय व्यवस्था के तहत ही दर्शन होंगे। भगवान महाकाल की सवारी और सभी पर्व परंपरागत रूप से मनेंगे। प्रत्येक सवारी का मार्ग, थीम आदि तय कर ली गई है। उन्होंने कहा कि मीडिया कवरेज में कोई परेशानी नहीं होगी। सभी का सहयोग सावन और भगवान महाकाल की सवारी के आयोजन को बेहतर करने के लिए अपेक्षित रहेगा।
बीडीएस टीम लगी है काम में
एसपी प्रदीप शर्मा ने कहा सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है। दो हजार से अधिक जवान सवारी के दौरान तैनात रहेंगे। बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) तैनात रहेगी। करीब 200 से अधिक कैमरों से सवारी मार्ग के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी।
सभी आरती में चलित दर्शन भी
मंदिर समिति प्रशासक प्रथम कौशिक ने कहा कि भस्मारती सहित सभी आरती की बुकिंग व्यवस्था के साथ चलित दर्शन भी होंगे। चलित दर्शन कार्तिकेय मण्डपम् से नि:शुल्क होंगे।
हर सवारी की रहेगी खास थीम
क लेक्टर ने बताया कि सवारियों को भव्य, आकर्षक और आमजन से जोडऩे के लिए हर सवारी की खास थीम रखी गई है। इनके जरिए श्रद्धालुओं को धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश दिए जाएंगे। प्रदेश के विभिन्न जिलों के जनजातीय नृत्य दल सवारी के दौरान मनोहारी प्रस्तुतियां देंगे। राजसी सवारी में ड्रोन से पुष्प वर्षा कराई जाएगी।
प्रोटोकॉल बंद, शीघ्र दर्शन सुविधा जारी
प्रशासक कौशिक के मुताबिक सावन-भादौ (7 सितंबर) तक प्रोटोकॉल दर्शन बंद रहेंगे। नंदी हॉल में सिर्फ वीआईपी या वीवीआईपी को ही प्रवेश मिलेगा। अन्य व्यक्ति शीघ्र दर्शन सुविधा से दर्शन कर सकेंगे। शीघ्र दर्शन की कतार भी दो बैरिकेड्स आगे कर दी गई। इसमें प्रोटोकॉल की तरह ही दर्शन सुविधा मिलेगी।
त्रिनेत्र कंट्रोल रूम पर मिलेगी मीडिया को जानकारी
प्रशासक ने बताया कि जनसंपर्क अधिकारी के अलावा सावन में मीडिया को जानकारी देने की व्यवस्था त्रिनेत्र कंट्रोल रूम पर की गई है। मंदिर समिति के जनसंपर्क विभाग के कर्मचारी यहां तैनात रहेंगे।









