बीएसएफ जवान की पत्नी की हत्या

रिटायर्ड ससुर ने चाकू से किए 7 से 8 वार; बोला- पोती को पटक रही थी
अक्षरविश्व न्यूज सागर। सागर के गायत्री नगर में पारिवारिक विवाद के दौरान 65 वर्षीय रिटायर्ड पुलिसकर्मी ने अपनी 36 वर्षीय बहू सविता दीक्षित की हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए भेज दिया। आरोपी ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मृतका के पति देवेश दीक्षित बीएसएफ में जवान हैं और वर्तमान में पश्चिम बंगाल में पदस्थ हैं। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है। सविता लंबे समय से सास-ससुर के साथ गायत्री नगर स्थित घर में रह रही थीं। मकरोनिया थाना प्रभारी नितिन पाल ने बताया कि बहू के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी घर में ही मौजूद मिला। शुरुआती जांच में महिला के शरीर पर 7 से 8 चोटों के निशान मिले हैं। घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। आरोपी का दूसरा बेटा पुलिस विभाग में पदस्थ है।
आरोपी का दावा- पोती को बचाने गया, बहू ने चाकू से हमला किया
पूछताछ में आरोपी रामनरेश दीक्षित ने दावा किया कि बहू नीचे आई और घर में रखे मंदिर को उठाकर फेंक दिया। उसने कुर्सियों में भी तोडफ़ोड़ की। इसके बाद वह बड़ी बेटी को स्कूल छोडऩे चली गई। जब वह नहाकर पूजा कर रहे थे, तभी बहू लौटकर आई और छोटी बच्ची को उठाकर पटकने लगी। उसे बचाने के लिए पहुंचे तो बहू ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में चोट आई। उनका कहना है कि चाकू छीनने के बाद उन्होंने बहू के साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। आरोपी का यह भी आरोप है कि बहू के घर आने के बाद से परिवार में लगातार विवाद होते थे।

