ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 3 की मौत, 33 घायल, नर्मदा स्नान कर लौट रहे थे 36 ग्रामीण

सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले में रविवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-44 पर नीम घाटी के पास ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 33 लोग घायल हुए हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुल 36 ग्रामीण सवार थे। सभी बरमान से नर्मदा स्नान और पूजा-अर्चना कर अपने गांव लौट रहे थे।
हादसे के बाद कई लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दब गए, जबकि कुछ सड़क पर दूर जा गिरे। घायलों में कई के हाथ-पैर टूट गए और कुछ के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से रेस्क्यू कर सभी घायलों को बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
ट्रॉली के नीचे दबे लोग, सड़क पर बिखरे घायल
एसडीएम देवरी मुनव्वर खान के मुताबिक, बांदरी तहसील के ग्राम गढ़हौला गोसाई के ग्रामीण बरमान से नर्मदा स्नान कर लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-44 पर नीम घाटी के पास उनका ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे में रक्षा प्रजापति, प्रेमरानी यादव और राकेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य 33 लोग घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शी नवीन कुमार ने बताया कि वे सागर रोड से गुजर रहे थे, तभी उन्हें सड़क पर पलटी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई दी। हादसे के बाद किसी के हाथ से तो किसी के सिर से खून बह रहा था। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
NHAI की लापरवाही पर उठाए सवाल
प्रत्यक्षदर्शी नवीन कुमार ने हादसे के लिए NHAI की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उनका आरोप है कि टोल प्लाजा से ट्रैक्टर-ट्रॉली में 30 यात्रियों को बैठाकर कैसे गुजरने दिया गया। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली में बड़ी संख्या में यात्रियों को ले जाने पर रोक लगाने की मांग की है।
हादसे की वजह और ओवरलोडिंग की जांच
एसडीएम मुनव्वर खान ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और मृतकों के परिजनों को सूचना दी गई।
फिलहाल ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलटने या किसी अन्य वाहन से टकराने की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। गौरझामर और देवरी थाना प्रभारी मामले की जांच कर रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवरलोडिंग से जुड़े नियमों के उल्लंघन की भी जांच की जा रही है।








