एक साल में सुंदर बनाएंगे सवारी मार्ग

महापौर ने बाबा महाकाल के चरणों में सौंपा कामकाज का लेखा-जोखा
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नगर निगम बोर्ड के चार पूरे होने पर बुधवार को महापौर मुकेश टटवाल ने भगवान महाकाल के दर्शन किए और निगम बोर्ड के चार वर्ष के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों एवं उपलब्धियों का लेखा-जोखा समर्पित किया। साथ ही आगामी एक वर्ष में महाकाल सवारी मार्ग सुंदर बनाने का वादा किया।
महापौर ने बताया मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में उज्जैन के सर्वांगीण विकास को नई गति मिली है। शहर में सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण, आधुनिक व्यावसायिक कॉम्प्लेक्सों का निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बहुमंजिला आवासों का निर्माण तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार जैसे अनेक कार्य साकार हुए हैं। स्वच्छता में 6-10 लाख की आबादी में देश में नंबर वन स्थान और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने जैसे कई नवाचार हुए हैं।
सवारी मार्ग चौड़ा कर सुंदर बनाना पहली प्राथमिकता
महापौर ने बताया कि आगामी एक साल में बाबा महाकाल की सवारी मार्ग को और अधिक सुविधाजनक एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सवारी मार्ग के चौड़ीकरण, विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। सिंहस्थ और बाबा महाकाल की सवारी में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की मुख्य प्राथमिकता रहेगी। सवारी मार्ग पर सड़क, प्रकाश, सफाई, ड्रेनेज यातायात व्यवस्था तथा सौंदर्यीकरण से संबंधित आवश्यक कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी उत्कृष्ट सुविधाएं मिल सकें।
छोटे व्यापारियों की सुविधा का भी रखा जाएगा विशेष ध्यान
महापौर ने कहा कि शहर के विकास के साथ स्थानीय छोटे एवं फुटकर व्यापारियों की आजीविका और सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हॉकर्स जोन एवं व्यवस्थित व्यापारिक क्षेत्रों के विकास की दिशा में कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य प्रकाश शर्मा और श्री कैलाश प्रजापत भी साथ थे।









