मजदूर ने फांसी लगाई

उज्जैन। ईंट भट्टे पर काम करने वाले मजदूर ने टीनशेड में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महाकाल थाना पुलिस ने मर्ग कायम किया है। पुलिस ने बताया कि राजकुमार पिता मंत्रीराम धनवार निवासी जांजगीरचांपा छत्तीसगढ़ अपने अन्य रिश्तेदारों के साथ रणजीत हनुमान मंदिर के पास स्थित ईंट भट्टे पर मजदूरी करता था। गुरूवार दोपहर उसके दोस्तों ने देखा राजकुमार फांसी के फंदे पर लटका था। इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पीएम के लिए अस्पताल पहुंचाया औरउसके परिजन को सूचना दी।
तेज रफ्तार बाइक पुलिया से गिरी, 3 लोग घायल
उज्जैन। तराना से बाइक पर उज्जैन आ रहे तीन लोगों की बाइक ओवरटेक के चक्कर में पुलिया से गड्डे में जा गिरी जिसमें 3 लोग घायल हुए।
शुभम पिता ललित यादव, शुभम पिता राजाराम मालवीय, कृष्णा पिता अशोक परमार तीनों निवासी हाटपुरा तराना बाइक से उज्जैन आ रहे थे। कानीपुरा वेयर हाउस से गुजरते समय आगे जा रही बैलगाड़ी को ओवरटेक करते समय सामने से कार आ गई। जिससे बचने के चक्कर में शुभम ने बाइक पुलिया से नीचे कूदा दी। हादसे में तीनों घायल हुए हैं जिन्हें लोगों ने अस्पताल पहुंचाया।
ट्रेन से कटे युवक की मछली और गमछे से पहचान हुई
उज्जैन। बुधवार रात पिपलोदा रेलवे ट्रैक पर अज्ञात युवक की लाश की शिनाख्त हो गई है। जीआरपी उसके परिजन ने शिनाख्त की। पिपलोदा रेलवे ट्रैक पर वीरभूमि एक्सप्रेस की चपेट में आने से अज्ञात युवक की मृत्यु हो गई थी। शुक्रवार सुबह अजय साहनी जीआरपी थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि मृतक अमरनाथ साहनी निवासी उत्तर प्रदेश उसका भाई था। वह पिपलोदा में मछली पकडऩे का काम करता था। रेलवे ट्रैक पर पड़े गमछे और मछलियों से उसकी पहचान हुई।









