छात्राओं से छेड़छाड़ पर सख्ती

जबलपुर। गर्ल्स स्कूलों की छुट्टी के समय छात्राओं के आसपास बाइक से घूमने वाले मनचलों और उन्हें परेशान करने वाले युवकों पर अब पुलिस की पैनी नजर रहेगी। जबलपुर एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर जिले के स्कूलों के आसपास सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। पुलिसकर्मी सुबह स्कूल खुलने और दोपहर छुट्टी के समय विशेष निगरानी रखेंगे।
पुलिस की टीमें ऐसे युवकों पर नजर रखेंगी, जो तेज रफ्तार बाइक चलाकर स्कूलों के आसपास चक्कर लगाते हैं या छात्राओं को परेशान करते हैं। अभियान के तहत रांझी और चरगंवा थाना पुलिस ने स्कूलों के बाहर कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्कूलों के बाहर चेकिंग, युवकों पर कार्रवाई
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में सेंट जोसफ, सेंट गैब्रियल और कन्या शाला के आसपास छुट्टी के समय चेकिंग की गई। इस दौरान कई युवकों को रोका गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई, जबकि कुछ युवकों को मौके पर समझाइश देकर छोड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, दोपहर में गर्ल्स स्कूलों की छुट्टी होते ही स्कूलों के आसपास युवकों की भीड़ जमा होने की शिकायतें मिल रही थीं। इससे छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों और छात्राओं के परिजनों ने भी पुलिस से इस संबंध में शिकायत की थी।
चरगंवा में भी बढ़ाई निगरानी
चरगंवा थाना पुलिस ने भी स्कूलों के आसपास कार्रवाई शुरू की है। थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे ने बताया कि स्थानीय लोगों और छात्राओं के परिजनों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्कूल खुलने और छुट्टी के समय पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
पुलिस ऐसे युवकों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखेगी, जो छात्राओं से छेड़खानी करते हैं या किसी अन्य तरीके से उन्हें परेशान करते हैं।
शिकायत मिलते ही होगी कार्रवाई
एसपी संपत उपाध्याय ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि स्कूलों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। पुलिस का यह अभियान छात्राओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने और स्कूलों के आसपास मनचलों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।









