21 भारतीयों वाले जहाज पर हमले का वीडियो जारी

होर्मुज स्ट्रेट में ईरानी नौकाओं ने की थी फायरिंग, जान बचाने के लिए जहाज के अंदर छिपा क्रू
नई दिल्ली, एजेंसी। होर्मुज स्ट्रेट में 21 भारतीय नाविकों को लेकर जा रहे एक कंटेनर जहाज पर हुई फायरिंग का वीडियो सामने आया है। भारतीय नाविकों के संगठन ने इस घटना का वीडियो जारी किया है। घटना 22 अप्रैल की बताई जा रही है।
वीडियो में फायरिंग के बाद जहाज के अंदर टूटे हुए शीशे और बिखरा सामान दिखाई दे रहा है। हमले के दौरान जहाज के क्रू में दहशत फैल गई और अपनी जान बचाने के लिए चालक दल के सदस्य जहाज के अंदर छिप गए।
बताया गया है कि होर्मुज स्ट्रेट में जहाज को ईरानी नौकाओं की ओर से निशाना बनाया गया था। घटना के बाद भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है। मामले से जुड़े संगठन ने घटना का वीडियो जारी कर हमले की स्थिति को सामने रखा है।









