Popup Image
Advertisement

दो दिन में देवास से गऊघाट प्लांट परपहुंचेगा नर्मदा जल, गंभीर बांध भी इसी पानी से भरेंगे

अल्पवर्षा का दर्द : गंभीर बांध का मुआयना करने पहुंचे जनप्रतिनिधि और अफसर

Advertisement

जलप्रदाय की पंपिंग और सप्लाई व्यवस्था में सुधार पर भी चर्चा

उज्जैन। अल नीनो के प्रभाव से हुई अल्पवर्षा इस बार शहर को जलसंकट का दर्द दे गई है। शहर में पहली बार सर्दी का मौसम शुरू होने से पहले ही अन्य स्रोत से जल पिलाने का प्रबंध किया जा रहा है। नगरनिगम ने एनवीडीए (नर्मदा घाटी विकास प्राधिरण )से शहर में जलप्रदाय के लिए पानी मांग लिया है। देवास से पंपिंग शुरू हो चुकी है। दो दिन में पानी उज्जैन पहुंचने की संभावना है। यह पानी गऊघाट संयंत्र और गंभीर बांध दोनों पर लिया जाएगा। गंभीर के पानी में मिलाकर ही नर्मदा जल की सप्लाई शहर में की जाएगी।

Advertisement

दरअसल, उज्जैन में इस बार केवल करीब 27 इंच बारिश हुई है। यह जिले की औसत बारिश 36 इंच से करीब 9 इंच कम है। शहर की जलप्रदाय व्यवस्था के प्रमुख स्रोत गंभीर बांध के कैचमेंट में भी इस बार काफी कम पानी गिरा है। बांध में इंदौर के यशवंत सागर के गेट खुलने पर पानी आता है। गौतमपुरा और देपालपुर के इलाकों में हुई बारिश से भी बांध भरता है। इस बार ना तो यशवंत सागर के गेट खुले , ना देपालपुर- गौतमपुरा में पानी गिरा। ऐसे मे गंभीर बांध करीब-करीब रीता ही रहा।

2250 एमसीएफटी (मिलियन क्यूबिक फीट ) क्षमता वाले गंभीर बांध में केवल 750 एमसीएफटी पानी ही मानसून सीजन में आया। सोमवार को तो बांध में केवल 690 एमसीएफटी पानी था। शहर में रोजाना 8 से 9 एमसीएफटी की आपूर्ति होती है। इस हिसाब से यह पानी केवल 76 दिन चल सकता है। अब नगरनिगम प्रशासन ने शहर की जल सप्लाई के नर्मदा का पानी लेने का फैसला किया है। नगरनिगम प्रशासन के अनुरोध पर एनवीडीए ने देवास से पानी छोडऩा भी शुरू कर दिया है।

Advertisement

योजना बदली, अब अंबोदिया में भी पानी लेंगे
पहले नगरनिगम का प्लान गऊघाट संयंत्र पर पानी लेने का था, अब इसमें चेंज कर दिया गया है। अब नर्मदा से पूरा १६० एमएलडी (मिलियन लीटर पर डे) पानी लिया जाएगा। इसमें से ७० एमएलडी पानी गऊघाट संयंत्र पर आएगा, जबकि शेष गंभीर बांध में।

गंभीर बांध में पानी स्टोरेज करने का प्लान
नर्मदा जल को गंभीर बांध में ही स्टोरेज करने का प्लान है। ९० एमएलडी पानी रोजाना गंभीर में डालने पर डेम के एक महीने में अपनी क्षमता तक भरने की संभावना रहेगी।

क्या कहते हैं जिम्मेदार

एनवीडीए को नर्मदा जल छोडऩे का लेटर भेज दिया है। वहां से जल्दी ही सप्लाई मिलने लगेगी। पहले चरण में गऊघाट संयंत्र पर सप्लाई लेंगे। बाद में अंबोदिया में।
अभिलाष मिश्रा, नगरनिगम आयुक्त

गऊघाट पर 70 एमएलडी पानी लेने के साथ 90 एमएलडी पानी गंभीर बांध में स्टोरेज करेंगे। उम्मीद है कि बांध एक महीने में भर जाएगा। शुरुआत में नर्मदा और गंभीर का पानी मिलाकर सप्लाई करेंगे।
पवनकुमार सिंह,
अपर आयुक्त, नगरनिगम

शहर में पानी की कमी नहीं होने दी जाएगी। पंपिंग की समस्या में सुधार के लिए नए पंप लगाने का प्रस्ताव तैयार करने का कहा है।
प्रकाश शर्मा,
प्रभारी जलकार्य समिति, नगरनिगम

गंभीर डेम पर किया बिल्केश्वर महादेव का पूजन
सोमवार को महापौर मुकेश टटवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, निगम अध्यक्ष कलावती यादव, भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, जलकार्य समिति प्रभारी प्रकाश शर्मा और निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने गंभीर बांध का मुआयना किया। इन सभी ने बिल्केश्वर महादेव का पूजन भी किया। इस दौरान गंभीर डेम में नर्मदा जल लाने पर भी चर्चा हुई। दौरे में नेता प्रतिपक्ष रवि राय, एमआईसी के सारे सदस्य उपस्थित थे।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें