काल भैरव पर एंट्री-एक्जिट सुलभ बनाने पर जोर, अधिकारियों ने किया निरीक्षण

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। इन दिनों कालभैरव मंदिर पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर का प्रवेश और निकासी ज्यादा सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया जा रहा है। गुरुवार को कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा ने यहां का औचक निरीक्षण किया और हालात देखे। कलेक्टर और एसपी ने टोपोग्राफिकल प्लान और लेआउट के माध्यम से अधिकारियों से चल रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। योजना के तहत मंदिर परिसर में पार्किंग व्यवस्था, श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकासी (एग्जिट) के मार्गों की रूपरेखा तैयार की गई है।
भीड़ पर विशेष फोकस
कलेक्टर ने विशेष पर्वों और अवकाश के दिनों में मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को तैयार रहने का कहा। पार्किंग का भी उन्होंने जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर में जूता स्टैंड, शौचालय और पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। भारी भीड़ के समय श्रद्धालुओं को असुविधा न हो, इसके लिए अतिरिक्त निकासी मार्ग बनाने का भी कहा। यूडीए सीईओ संदीप सोनी, एसडीएम एलएन गर्ग भी साथ थे।









