इस्कॉन में जन्माष्टमी 4 सिंतबर को मनेगी

23 से शुरू होगा उत्सव, 28 को बलराम पूर्णिमा
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। इस्कॉन मंदिर में 23 अगस्त से उत्सवों की शुरुआत होने जा रही है। 4 सितंबर को मुख्य आयोजन श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का होगा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन 24 घंटे कीर्तन, दर्शन और प्रसादी का आयोजन होगा। रात 10.30 बजे भगवान का महाभिषेक किया जाएगा और ठीक रात 12 बजे महाआरती होगी। जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में 1 और 2 सितंबर को बाल कथाकार मधुकंठ जी कथा प्रस्तुत करेंगे। 3 से 5 सितंबर तक वृंदावन इस्कॉन भागवत महाविद्यालय के पूर्व प्रमुख श्रीपाद व्रजसुंदर प्रभु भगवान की लीलाओं का वर्णन करेंगे।
23 से झूला झूलेंगे राधा-मदनमोहन
23 से 28 अगस्त तक झूलन यात्रा पर्व मनेगा। इस दौरान श्री राधा मदनमोहन जी फूलों से सुसज्जित झूले में विराजमान होंगे और भक्त उन्हें झूला झुलाएंगे। नियमित संकीर्तन चलेगा। 28 अगस्त को बलराम पूर्णिमा पर भगवान बलराम जी का आविर्भाव दिवस मनेगा। जिसमें वृंदावन के कथाकार श्रीपाद शीर्ष प्रभु भगवान बलराम के आविर्भाव और श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर कथा सुनाएंगे।
जन्माष्टमी के अगले दिन 5 सितंबर को मंदिर में नंदोत्सव मनाया जाएगा। इसी दिन इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद जी का 130वां जन्मोत्सव भी मनेगा।









