बिना बड़े झूलों के सूना पड़ा कार्तिक मेला, व्यापारियों की ग्राहकी ठप

चार बार टेंडर लगाने के बाद भी व्यापारियों की भूखंड लेने में दिलचस्पी नहीं बाहरी कारोबारी परेशान
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शिप्रा का किनारा। गुलाबी ठंड। कड़ाव से उतरती गर्मागम जलेबी, गराडू और रोशनी से सराबोर झूले। हर साल अगहन मास में लगने वाले कार्तिक मेले से इस बार बड़े झूले क्या कम हुए मेले की रंगत ही गायब हो गई। पांच दिन पहले मेले की शुरुआत हुई थी और अब तक इसका रंग सिर्फ बड़े झूले की कमी से नहीं जम सका है। ऐसे में यहां अच्छे कारोबार की उम्मीद से आए व्यापारी परेशान हैं। उन्हें डर है कि कहीं मेला घाटे का सौदा साबित ना हो जाए।
दरअसल, कार्तिक पूर्णिमा पर मेले की रंगारंग शुरुआत हुई थी। हर साल मेले का रंग एक दो दिन में ही जम जाता था लेकिन इस बार चार दिन गुजर जाने के बाद भी रौनक गायब है। ऐसे में मेले में कारोबार करने वाले व्यापारी परेशान हैं। इसकी वजह है ग्राहकों की कम आवाजाही। कई व्यापारियों की दुकानें खाली पड़ी हैं। मेले में देखने वाले बहुत कम आ रहे हैं और हाल यह है कि ग्राहकी ना के बराबर है। दुकानदारों की परेशानी यह है कि लाखों रुपए लेकर दुकानें ली हैंं,कारोबार नहीं होगा तो वह करेंगे क्या?
क्या कहते हैं व्यापारी
एक समय था जब कार्तिक मेले की रंगत गधों के मेले के साथ शुरू हो जाती थी। नगर निगम व्यापारियों को तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराता था। 400 से 500 दुकानें लगती थीं। देशभर से व्यापारी कारोबार के लिए आते थे। सुई से लेकर घर-गृहस्थी तक का पूरा सामान मेले में मिलता था। मेला बड़े बाजार के रूप में नजर आता था। दूर-दूर से लोग खरीदारी के लिए आते थे। झूले मेले की पहचान थे। मनोरंजन के लिए लोग मेले में खींचे चले आते थे। इस बार चार दिन हो गए हैं और ग्राहकी नहीं के बराबर है। सारे व्यापारी परेशान हो रहे हैं।
सुरेंद्र सारवान,
अध्यक्ष कार्तिक मेला व्यापारी एसोसिएशन
पहली बार मेला सूना है
पहली बार मेला इतना सूना है। पिछले साल तक पहले दिन से ही रौनक आ जाती थी। झूले नहीं होने से पब्लिक नहीं आ रही है। मेले में दूसरी तरह की दिक्कत भी हो रही है। पहले सुरक्षा व्यवस्था बड़ी पुख्ता होती थी। इस बार उसमें भी कमी है। व्यापारियों से ही हर छोटी-बड़ी व्यवस्था के लिए पैसा लिया जा रहा है। बावजूद मेला आकर्षण नहीं छोड़ पा रहा है। सभी परेशान हो रहे हैं।
मनोज रायकवार
चाट दुकान संचालक
35 साल में ऐसी स्थिति देख रहा हूं
झूले हैं नहीं। दुकानें खाली पड़ी है। 35 साल में पहली बार कार्तिक मेले में ऐसी स्थिति देख रहा हूं। अगर झूले होते तो लोग खींचे चले आते और कारोबार भी बेहतर होने की संभावना रहती। अभी भी यह उम्मीद कर रहे हैं कि अंतिम टेंडर में बड़े झूलों के टेंडर चले जाएं।
जीरो मास्टर, हैंडीक्राफ्ट कारोबारी
महंगी दर पर भूखंड लेकर कैसे करें कारोबार
बड़े झूलों के भूखंडों के रेट काफी है। व्यापारियों ने इस कारण टेंडर भरने में रुचि नहीं ली थी। 19 में से सिर्फ छह झूलों के भूखंडों के टेंडर भरे गए थे। इनमें से भी सिर्फ एक ही झूला अभी तक लगा है। टेडर भरने वाले पांच अन्य भी नहीं आ रहे हैं। अगर मेला ऐसे ही खाली रहा तो व्यापारी कर्ज में डूब सकते हैं। इस संबंध में नगरनिगम प्रशासन को कुछ समाधान निकालना चाहिए।
सुनील डागर, अध्यक्ष, झूला व्यापारी संघ
व्यापारियों को हो रही दिक्कत
व्यापारियों ने लाखों रुपए चुकाकर दुकानें लगाई है। एक महीने में उनको अच्छे कारोबार की उम्मीद थी।
व्यापारियों को रोजाना दुकान पर 10 हजार रुपए तक खर्च करना पड़ रहे हैं, ग्राहक नहीं आने से प्रॉफिट के बजाय लॉस हो रहा है और वे दिक्कत महसूस कर रहे हैं।
एक झूला लगा, उसका भी सामान चोरी, आवेदन दिया
19 बड़े झूलों में से एक झूला ही अभी लगा है। कोलबंस झूले को अर्जुन मालवीय ने स्थापित किया है। अब इस झूले का सामान चोरी हो रहा है। मालवीय ने इस संबंध में थाने मे आवेदन दिया है। इसमें बताया है कि उनके झूले के पाइप एवं एंगल चोरी हो गए हैं। अज्ञात लोग झूला चालू नहीं होने देने के लिए सामान चोरी करवा रहे हैं।
झूले वालों की मांग पर ही अलग-अलग टेंडर जारी किए गए
एमआईसी ने सिंगल कंपनी को ही झूले का टेंडर देना तय किया था। हालांकि सदन ने ही लोकल कारोबारियों को बढ़ावा देने के लिए अलग-अलग टेंडर जारी करने का प्रस्ताव पास किया है। उसी अनुसार टेंडर जारी किए गए हैं। टेंडर में रखी गई रिजर्व प्राइस वही है, जो पिछले साल झूला संचालकों ने चुकाई है। अगर झूला संचालकों को रेट पर आपत्ति थी तो यह बात एमआईसी के प्रस्ताव का विरोध करने वालों को बतानी चाहिए थी। तब रेट पर बात होती। अब रेट कैसे कम किए जा सकते हैं। आज फिर से टेंडर खुल रहे हैं। इसमें झूले के भूखंड जा सकते हैं।
रजत मेहता, प्रभारी राजस्व समिति नगरनिगम
खिलौना दुकान से चुराई कार, नाबालिग को समझाइश देकर छोड़ा
उज्जैन। कार्तिक मेले में लगी खिलौना दुकान से बड़ी खिलौना कारें चोरी होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में दुकानदार ने पुलिस में शिकायत की तो एक नाबालिग को पकड़ा गया। उसने दुकान से चार कारें ेेचुराई थीं। इनमें से तीन उसने लौटा दी हंै। फिलहाल नाबालिग के खिलाफ किसी तरह का प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है। वह कार्तिक मेला मैदान में ही परिवार के साथ रहता है।









