FSSAI की बड़ी कार्रवाई: Nestle, PepsiCo, Coca-Cola समेत कई दिग्गज कंपनियों को नोटिस
भ्रामक विज्ञापन, गलत दावे और लेबलिंग नियमों के उल्लंघन पर 150 से ज्यादा नोटिस; Amazon-Flipkart समेत KFC, McDonald’s और Domino’s भी कार्रवाई के दायरे में

खाने-पीने की पैक्ड चीजें खरीदते समय ग्राहक आमतौर पर पैकेट पर दी गई जानकारी और कंपनियों के दावों पर भरोसा करते हैं। लेकिन यदि यही जानकारी नियमों के अनुरूप न हो या दावे भ्रामक पाए जाएं, तो उपभोक्ताओं के सामने मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। इसी को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कई बड़ी कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की है।
FSSAI के मुताबिक, भ्रामक विज्ञापन, गलत दावे और लेबलिंग से जुड़े नियमों का पालन नहीं करने के मामलों में फूड कंपनियों को 150 से ज्यादा नोटिस जारी किए गए हैं। कार्रवाई के दायरे में कई प्रमुख खाद्य और पेय कंपनियां शामिल हैं।
Nestle, PepsiCo और Coca-Cola समेत इन कंपनियों पर कार्रवाई
FSSAI की कार्रवाई में Nestle India, PepsiCo, Abbott India Limited, Red Bull India, Danone India, Monster Energy India, Hell Energy, Mondelez India और Coca-Cola India जैसे नाम शामिल हैं।
इसके अलावा Diageo, Pernod Ricard, Ferrero India और Kenvue Inc. के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। रेगुलेटर ने खास तौर पर एनर्जी ड्रिंक और अल्कोहलिक बेवरेज से जुड़े उत्पादों की भी जांच की है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुछ उत्पादों को जब्त किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
Amazon और Flipkart को भी नोटिस
FSSAI की कार्रवाई केवल खाद्य उत्पाद बनाने वाली कंपनियों तक सीमित नहीं रही। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Amazon और Flipkart को भी कुल 12 नोटिस जारी किए गए हैं।
FSSAI के अनुसार, Amazon के एक वेयरहाउस का लाइसेंस भी रद्द किया गया है। ऐसे में ऑनलाइन पैक्ड फूड और ड्रिंक खरीदने वाले ग्राहकों के लिए जरूरी है कि वे केवल कीमत या डिस्काउंट देखकर खरीदारी न करें, बल्कि पैकेट पर दी गई लेबलिंग, सामग्री और कंपनी के दावों की भी जांच करें।
KFC, McDonald’s और Domino’s भी कार्रवाई के दायरे में
FSSAI की कार्रवाई फूड सर्विस सेक्टर तक भी पहुंची है। KFC, McDonald’s, Pizza Hut, Domino’s और Costa Coffee जैसे ब्रांड्स को 30 से ज्यादा नोटिस जारी किए गए हैं।जानकारी के मुताबिक, Domino’s के पांच लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं। इसके अलावा पिछले साल कई फाइव-स्टार होटलों को भी नियमों के उल्लंघन से जुड़े नोटिस जारी किए गए थे।
ग्राहकों के लिए क्या है जरूरी?
पैक्ड फूड या ऑनलाइन खाद्य उत्पाद खरीदते समय ग्राहक को पैकेट पर दी गई सामग्री, पोषण संबंधी जानकारी, एक्सपायरी डेट, निर्माता की जानकारी और किए गए दावों को ध्यान से देखना चाहिए। किसी उत्पाद पर किए गए हेल्थ या न्यूट्रिशन संबंधी दावों को भी बिना जांचे सच मानने से बचना जरूरी है।









