निगमायुक्त के तीखे तेवर, पीएचई के आउटसोर्स कर्मचारियों को टर्मिनेट करने की चेतावनी दी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने सोमवार को पीएचई विभाग की समीक्षा बैठक में तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने कर्मचारियों को साफ शब्दों में कहा कि जलकर वसूली में किसी तरह की कोताही मंजूर नहीं होगी। अगर लापरवाही मिली तो नौकरी भी जा सकती है।
आयुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने वार्डों में वसूली का प्रतिशत तत्काल बढ़ाएं। बैठक में निगम आयुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि जो कर्मचारी अपने दायित्वों का ठीक से पालन नहीं कर रहे हैं, उनकी सेवा समाप्ति का प्रस्ताव तुरंत तैयार किया जाए। लक्ष्य के मुताबिक वसूली नही हुई तो वेतन भी रोका जा सकता है। उन्होंने आउटसोर्स कर्मचारियों की लापरवाही पर सख्त एक्शन लिया और कहा कि ऐसे कर्मियों को जगह दूसरे कर्मचारी तैनात किए जाए।
अनुपस्थित कर्मियों पर हो सख्त कार्रवाई
कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिए कि बिना कारण अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ तुरंत अनुशासनात्मक कार्रवाई करें।
बकायेदारों पर शिकंजा कसें
आयुक्त ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं पर जलकर की राशि लंबे समय से बकाया है, उनसे प्राथमिकता के आधार पर वसूली की जाए। बार-बार नोटिस देने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन काट दिए जाए। अवैध नल कनेक्शनों पर भी कार्रवाई करें।
29 अगस्त को अगली बैठक
जलकर वसूली को निगम की प्राथमिकताओं में सर्वोपरि रखते हुए आयुक्त ने कहा कि 29 अगस्त को पीएचई विभाग की फिर से समीक्षा होगी। इसमें बिल क्लर्क, बिल वितरक और संबंधित कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना होगा। यह अपने अपने क्षेत्र की वसूली रिपोर्ट और आंकड़ों के साथ बैठक में आएंगे।
निजातपुरा में गंदे पानी की शिकायत हल की
निजातपुरा क्षेत्र की गंदा पानी आने की शिकायत हल करने के लिए पीएचई का अमला सोमवार को मैदान में उतर गया। मनकामनेश्वर मंदिर के पास कॉन्ट्रेक्टर ने क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को ठीक किया गया। इसी तरह पंतजलि मेडिकल के पास दो नल कनेक्शन ठीक किए गए। मिल्कीपुरा में पाइपलाइन की टी खुली मिलने पर इसे तत्काल बंद कराया गया। इसी तरह नरेंद्र टॉकिज के पास पाइपलाइन की वॉशिंग की गई। जबकि बागडिय़ा टॉवर के पास पाइपलाइन को चैक किया गया। मेट्रो टॉकिज की गली, कोयला फाटक रोड एवं फेमस आलूबड़ा के सामने कीलाइन की भी जांच की गई।
कल आएग पानी- बुधवार को उत्तर विधानसभा क्षेत्र में पानी की सप्लाई नहीं करने का फैसला पीएचई ने ईद मिलादुन्नबी के चलते टाल दिया है। अब पूरे शहर में बुधवार को जल सप्लाई होगी।









