फिर हादसे के मुहाने खड़ी सैकड़ों जानें

लक्ष्मीनगर में हो चुका है हादसा फिर भी नहीं ले रहे सबक
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। सडक़ चौड़ीकरण के तहत बनाई जा रही नालियों को बनाने में इतनी लापरवाही बरती जा रही है कि बड़ा हादसा हो सकता है। हनुमान नाका क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से ऐसे ही हालात बने हुए हैं।
हनुमान नाका पर सडक़ चौड़ीकरण के लिए मकानों की तोडफ़ोड़ हो चुकी है। अब नाली बनाने के लिए काम शुरू हुआ है। ठेकेदार ने नाली बनाने के लिए करीब ६ फीट चौड़ी और लगभग ५ फीट गहरी खाई हर घर के सामने खोद दी है। इस कारण रहवासियों के लिए खासी परेशानी हो रही है।
बांस की चाली लगाई, फिसल रहे लोग
ठेकेदार ने लोगों के आने-जाने के लिए घरों के आगे बांस की चाली लगा दी है। ये काफी असुरक्षित है। इस पर चलना सर्कस की रस्सी के जैसा है। थोड़ा-सा बैलेंस बिगड़ा तो नीचे गड्ढे में गिरना तय है। कुछ बुजुर्गों ने डर के कारण बाहर निकलना भी बंद कर दिया है। गौरतलब है कि इसी तरह की बांस की चाली लक्ष्मी नगर में भी नाली निर्माण के वक्त लगाई थी, सिर पर से असंतुलित होकर १० मई को प्रेमलता नामक महिला नीचे सरियों के जाल पर गिर गई और बुरी तरह घायल हुई थी। इस घटना के बाद भी जिम्मेदार लापरवाही बरत रहे हैं। अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह ने बताया कि ठेकेदार को सुरक्षित निकासी बनाने के लिए कहेंगे।
एक साथ नहीं खोदना था:
क्षेत्र की बुजुर्ग महिला रामकली देवी ने बताया कि नाली बनाने के लिए पूरी लाइन एक साथ नहीं खोदना थी। थोड़े-थोड़े हिस्से में काम पूरा करते हुए आगे बढऩा था। अगर ऐसा नहीं कर सकते हैं तो हर घर के बाहर आने-जाने के लिए सुरक्षित व्यवस्था करना चाहिए।









