सिंहस्थ क्षेत्र के अवैध निर्माण पर चला नगर निगम का बुलडोजर

नृसिंह घाट के पास भील ठाकुर समाज धर्मशाला में बना रहे थे भवन, तोड़ दिया
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नृसिंह घाट मार्ग स्थित भील ठाकुर समाज धर्मशाला में बिना अनुमति के लंबा चौड़ा निर्माण कार्य बिना अनुमति के किया जा रहा था। इसे सिंहस्थ भूमि में अतिक्रमण मानकर गुरुवार को नगर निगम की टीम ने तोड़ दिया।
सिंहस्थ की तैयारियों के तहत सिंहस्थ क्षेत्र की भूमि को अतिक्रमण व अवैध निर्माण से मुक्त रखने के लिए चल रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। नृसिंह घाट मार्ग स्थित भील ठाकुर समाज धर्मशाला द्वारा सिंहस्थ आरक्षित क्षेत्र की भूमि पर बिना किसी सक्षम अनुमति के लगभग 40 बाय 80 फीट के विशाल क्षेत्रफल में अवैध निर्माण किया था। नगर निगम की टीम ने गुरुवार दोपहर दो जेसीबी मशीनों की मदद से इस अवैध निर्माण को हटा दिया।
सिंहस्थ तैयारियों पर प्रशासन सख्त
सिंहस्थ के दौरान देश-विदेश से लाखों-करोड़ों श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए मार्ग, स्नान घाट, पार्किंग, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए सिंहस्थ क्षेत्र में जमीन सुरक्षित रहना जरूरी है। किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण भविष्य की इन महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं में बाधक बन सकता है।
निगम के जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई हो
गौरतलब है कि नगर निगम ने जिस निर्माण को तोड़ा है उसका निर्माण पिछले करीब छह महीने से अधिक समय से हो रहा है। जिस वक्त निर्माण शुरू हुआ था उस वक्त निगम के जिम्मेदार भवन अधिकारी और भवन निरीक्षक ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। नतीजतन एक लंबा चौड़ा स्ट्रक्चर यहां बनकर तैयार हो गया। क्षेत्र के भवन अधिकारी राजकुमार राठौर और निरीक्षण सौम्या चतुर्वेदी हैं।









